चमोली में जूट बैग निर्माण और हस्तशिल्प से महिलाएं लिख रही हैं सफलता की नई कहानी
चमोली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपद चमोली में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।
जिले में अब तक 200 से अधिक महिलाओं को विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को जूट बैग निर्माण, सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प और अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण की विधिवत जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें आधुनिक तकनीकों, डिजाइन और गुणवत्ता मानकों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि उनके उत्पाद बाजार की मांग के अनुरूप हों।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर सामूहिक रूप से कार्य कर रही हैं, जबकि कुछ महिलाएं व्यक्तिगत स्तर पर अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर चुकी हैं। जूट के बैग और हस्तनिर्मित उत्पादों की बाजार में बढ़ती मांग का उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है। स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है।
प्रशिक्षण केंद्रों पर महिलाओं को उत्पाद की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन रणनीतियों की भी जानकारी दी जा रही है। उन्हें यह सिखाया जा रहा है कि किस प्रकार अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाया जाए और ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित किया जाए। इस पहल से न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
महिला लाभार्थी सुलोचना तिवारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "इस योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों में सक्रिय योगदान दे पा रही हैं। चमोली में कौशल विकास की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए सशक्तीकरण की नई राह खोल रही है।"
उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल घर में ही रखा जाता है, लेकिन इसके माध्यम से महिलाएं बाहर आकर अपना व्यापार कर सकती हैं। इससे उनको काफी फायदा होगा। इसके साथ ही वे अपनी प्रतिभा को समाज के सामने दिखा सकती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Feb 2026 3:54 PM IST












