'चंदा, जमीन के बाद अब चढ़ावे की चोरी', राम मंदिर विवाद पर अजय राय की प्रतिक्रिया
लखनऊ, 18 जून (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्थाओं और कथित चंदा विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर परिसर में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की एसआईटी जांच पर भी आपत्ति जताते हुए हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की है।
राम मंदिर मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हम सभी आज हनुमान गढ़ी दर्शन के बाद राम मंदिर भी गए थे, जहां अव्यवस्था दिखाई दे रही थी। इतनी भीषण गर्मी में मंदिर परिसर में चलते वक्त लोगों के पैर जल रहे थे। कहीं कोई कालीन नहीं दिखाई दी। बाहर से ही भ्रष्टाचार की शुरुआत दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी दिनों से भ्रष्टाचार चल रहा है। इसमें कई बड़े लोग शामिल भी हैं और इसके तार दिल्ली से जुड़े हुए हैं। जिस तरह से इन लोगों ने चंदा चोरी की, फिर जमीन की चोरी और अब चढ़ावा चोरी कर रहे हैं। चढ़ावा का कोई हिसाब नहीं होता है। लोग बहुत कुछ दान कर देते हैं, ये लोग उसे चुरा रहे हैं।
अजय राय ने कहा कि राम मंदिर में जहां शंकराचार्य को पूजा करनी चाहिए, वहां प्रधानमंत्री खुद ही पहुंच गए थे और इसका श्रेय लेने की कोशिश की। मंदिर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बनाया गया था। अब चढ़ावा चोरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह सब विवाद धन बंटवारे को लेकर खड़ा हुआ है। एसआईटी से जांच कराने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने जांच में शामिल अधिकारियों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिसकी खुद की जांच चल रही है, वह जांच क्या करेगा? हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराई जाए।
पार्टियों की टूट, नेताओं के पार्टी बदलने और यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर के कांग्रेस-सपा के 20 सांसदों के संपर्क में होने के दावे पर अजय राय ने कहा कि ऐसे मंत्रियों को बर्खास्त कर देना चाहिए। ऐसे मंत्री अपने लोगों को बर्बाद कर रहे हैं। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। ये खुद को लोगों के संपर्क में घूम रहे हैं, इनके संपर्क में कोई सांसद नहीं है।
यूपी में कई नेताओं के स्टिंग पर अजय राय ने कहा कि जब से भाजपा आई है, पूरे राजनीति का व्यवसायीकरण हो गया। लोगों को भ्रष्टाचार में शामिल कर दिया है। इसका अगर किसी को श्रेया दिया जाना चाहिए तो वह भाजपा है।
उन्होंने कहा कि हम लोग अनाथालय, वृद्धाश्रम और यतीम खाने में राहुल गांधी का जन्मदिन मनाएंगे और जो भी हो सकेगा हम उन्हें सहयोग भी देंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 11:26 PM IST












