चतरा पुलिस को बड़ी सफलता, 100 साल पुरानी 24 तीर्थंकर प्रतिमाएं बरामद

चतरा पुलिस को बड़ी सफलता, 100 साल पुरानी 24 तीर्थंकर प्रतिमाएं बरामद
झारखंड के इटखोरी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा को बरामद कर लिया है।

चतरा, 21 मई (आईएएनएस)। झारखंड के इटखोरी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा को बरामद कर लिया है।

प्राचीन तीर्थंकर प्रतिमा चोरी मामले पर एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की इस घटना का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मयूरहंड थाना क्षेत्र के साले गांव निवासी संदीप सिंह के रूप में की गई है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने आगे बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई बहुमूल्य प्रतिमा तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर जब्त कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अष्टधातु प्रतिमा की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि 20 मई को जैन मंदिर से प्रतिमा चोरी होने के बाद इटखोरी थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध कांड संख्या 65/2026, धारा 305(डी) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

इसी दौरान टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने जैन मंदिर से चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सकुशल बरामद कर लिया गया।

एसपी ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह नशे की लत का शिकार है। उसने संध्या आरती के बाद मंदिर में सूनापन देखकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वह इन बेशकीमती प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस इस कांड में शामिल अन्य संभावित आरोपियों तथा इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में मुख्य रूप से इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक दुखीराम महतो, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार एवं आरक्षी रविकांत सिंह शामिल थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 May 2026 11:36 PM IST

Tags

Next Story