नोएडा श्रमिक आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने और भ्रामक प्रचार फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
नोएडा, 21 मई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने श्रमिक आंदोलन के दौरान कथित रूप से हिंसा भड़काने और भ्रामक प्रचार फैलाने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार निवासी ग्राम मुक्तेशरा, थाना बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नोएडा के नया गांव में किराये पर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 20 मई को गोपनीय सूचना के आधार पर मदरसन कंपनी के पीछे हनुमान मंदिर के पास से अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी श्रमिक आंदोलन से जुड़े एक सोशल मीडिया ग्रुप में सक्रिय था और वहां भड़काऊ पोस्ट व वीडियो प्रसारित किए जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा था कि अनिल कुमार यूपी पुलिस के किसी अधिकारी या डीसीपी का ड्राइवर है और उसे पुलिस द्वारा जानबूझकर मजदूर आंदोलन में शामिल कर हिंसा फैलाने के लिए लगाया गया है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अनिल किसी भी पुलिस अधिकारी का ड्राइवर नहीं रहा है, बल्कि वह दिल्ली में एक व्यक्ति के यहां निजी चालक के रूप में कार्य करता है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अनिल कुमार का वर्तमान में रिचा ग्लोबल कंपनी से कोई संबंध नहीं है। वह करीब दो वर्ष पहले कंपनी में काम करता था।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि जिस व्हाट्सएप ग्रुप में भड़काऊ संदेश डाले गए, उसमें अनिल को गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नहीं बल्कि मजदूर आंदोलन से जुड़े एक अन्य व्यक्ति ने जोड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, ग्रुप में “मोदी आ रहा है, बाईपास के उद्घाटन के लिए पूरा रोड जाम कर देना चाहिए” जैसे संदेश पोस्ट किए गए थे, जिन्हें हिंसा और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश माना जा रहा है। इस मामले में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की शैक्षणिक योग्यता पांचवीं कक्षा तक बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी हापुड़ नगर थाने में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना फेस-2 पुलिस ने आरोपी के पास से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी जांच कर सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि श्रमिक आंदोलन की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 May 2026 11:36 PM IST












