चीन-ब्रिक्स व्यापार सूचकांक 2025 में बढ़कर 334.14 हुआ
बीजिंग, 9 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी सीमा शुल्क के सामान्य प्रशासन द्वारा संकलित वर्ष 2025 में चीन और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच व्यापार सूचकांक 26वें चीन अंतर्राष्ट्रीय निवेश और व्यापार मेले में जारी किया गया।
वर्ष 2009 को आधार वर्ष माना गया है। इसी वर्ष पहला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ था। आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में यह सूचकांक बढ़कर 334.14 हो गया, जो 2024 की तुलना में 32.64 अंक अधिक है। यह लगातार 10 वर्षों से सूचकांक में दर्ज हो रही वृद्धि को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार, चीन और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच व्यापार सूचकांक में व्यापार मात्रा, व्यापार संरचना, व्यापार नवाचार और व्यापार क्षमता समेत चार प्रमुख संकेतक शामिल हैं। वर्ष 2025 में इन संकेतकों का मूल्य क्रमशः 295.31, 188.15, 396.24 और 456.88 रहा।
आंकड़ों से पता चलता है कि 2025 में चीन और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच आयात-निर्यात कारोबार करने वाली चीनी कंपनियों की संख्या पहली बार 3 लाख से अधिक हो गई, जो 2024 की तुलना में 8.8 प्रतिशत की वृद्धि है। इसी अवधि में चीन और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच आयात-निर्यात का कुल मूल्य 74.7 खरब युआन रहा, जो 2024 की तुलना में 3.4 फीसदी अधिक है। यह चीन के कुल विदेशी व्यापार मूल्य का 16.4 प्रतिशत है।
चीनी सीमा शुल्क के सामान्य प्रशासन के सांख्यिकी और विश्लेषण विभाग के उप निदेशक चाओ च्युनलुन ने कहा कि चीनी सीमा शुल्क विभाग चीन और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच व्यापार सूचकांक को नियमित रूप से संकलित और जारी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सूचकांक सरकारी विभागों को व्यापार नीतियों में सुधार के लिए वैज्ञानिक संदर्भ देने के साथ-साथ आयात-निर्यात उद्यमों को कारोबारी फैसले लेने में मदद करेगा और ब्रिक्स देशों के आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को नए स्तर पर पहुंचाने में योगदान देगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 10:34 PM IST












