चीन के इंजीनियरिंग मशीनरी निर्यात में 33.4% की वृद्धि
बीजिंग, 23 मार्च (आईएएनएस)। चीन के इंजीनियरिंग मशीनरी उद्योग संघ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष के पहले दो महीनों में देश के इंजीनियरिंग मशीनरी उत्पादों के निर्यात में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई है।
नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी और फरवरी के दौरान इंजीनियरिंग मशीनरी का कुल निर्यात मूल्य 10 अरब 68 करोड़ 60 लाख अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 33.4 प्रतिशत अधिक है। विशेष रूप से, फरवरी महीने में लंबे वसंतोत्सव अवकाश के बावजूद निर्यात 5.1 अरब डॉलर से अधिक रहा, जो वर्ष 2025 के मासिक औसत निर्यात की तुलना में 50.15 प्रतिशत अधिक है।
क्षेत्रीय आधार पर विश्लेषण करने पर स्पष्ट होता है कि चीन के इंजीनियरिंग मशीनरी उत्पादों की मांग सभी महाद्वीपों में बढ़ी है। अफ्रीका में निर्यात में 77 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जबकि ओशिनिया में यह वृद्धि 50.6 प्रतिशत और यूरोप में 28.1 प्रतिशत रही। ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल से जुड़े देशों और क्षेत्रों में निर्यात का कुल मूल्य 4 अरब 63 करोड़ 80 लाख डॉलर तक पहुंचा, जो कुल निर्यात का 43.4 प्रतिशत है और पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 24.6 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
उत्पाद श्रेणियों के संदर्भ में, इंजीनियरिंग मशीनरी के पुर्जों, ट्रैक किए गए उत्खनन यंत्रों तथा ऑफ-रोड माइनिंग डंप ट्रकों के निर्यात में विशेष वृद्धि देखी गई है। इसके साथ ही, उच्च-स्तरीय और विद्युतीकृत मशीनें निर्यात की नई उभरती श्रेणियों के रूप में सामने आई हैं।
उद्योग संघ के एक अधिकारी ने कहा कि चीन का इंजीनियरिंग मशीनरी उद्योग लगातार अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ कर रहा है और आने वाले समय में निर्यात में स्थिर वृद्धि की संभावना बनी हुई है। उनका मानना है कि यह रुझान ‘मेड इन चाइना’ के उच्च गुणवत्ता वाले वैश्विक विस्तार को नई गति देगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 8:17 PM IST












