हार्दिक पांड्या को कहां से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा? खुद किया खुलासा
मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान हार्दिक पांड्या अक्सर अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। आईपीएल 2026 से जुड़े एक इवेंट में दिए एक बयान ने उन्हें फिर से चर्चा में ला दिया है और उनकी जिंदगी के धार्मिक पक्ष को उजागर किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो मुंबई इंडियंस (एमआई) के कार्यक्रम से जुड़ी एक वीडियो में हार्दिक पांड्या ने कहा है कि वह अपनी मंहगी कार में घूमते समय हनुमान चालीसा सुनते हैं। इससे उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। वीडियो में हार्दिक के साथ एमआई के बल्लेबाजी कोच किरोन पोलार्ड भी मौजूद हैं।
वीडियो में हार्दिक कहते हैं, "यह बात कितनी दिलचस्प है कि मेरे पास फेरारी है, और मैं फिर भी कार के अंदर हनुमान चालीसा सुनता हूं। तो यह काफी कूल है। भगवान मुझ पर मेहरबान रहे हैं। मुझे लगता है कि हर कोई मुझसे इस बात पर सहमत होगा कि कोई भी गाना आपको उतनी सकारात्मक ऊर्जा नहीं दे सकता, जितनी हनुमान चालीसा देती है। मैं इस बारे में बिल्कुल साफ हूं।"
हार्दिक पांड्या के इतना कहना था कि वहां मौजूद फैंस ने जय श्री राम के नारे लगाने शुरू कर दिए।
हार्दिक पांड्या 2015 से 2021 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। 2022 में वह गुजरात टाइटंस में चले गए और अपनी कप्तानी में टीम को पहले ही सीजन में चैंपियन बना दिया। उनकी कप्तानी में गुजरात टाइटंस 2023 का भी फाइनल खेली जिसमें सीएसके से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
2024 में हार्दिक मुंबई में वापस आ गए। रोहित शर्मा की जगह उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। उस सीजन एमआई का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। अंकतालिका में एमआई सबसे नीचे (दसवें स्थान पर) रही थी। आईपीएल 2025 में एमआई के प्रदर्शन में सुधार दिखा। टीम प्लेऑफ में पहुंची थी।
मुंबई इंडियंस ने 2020 के बाद आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम का लक्ष्य इस बार खिताब को अपने नाम करना है। बता दें कि मुंबई इंडियंस पांच बार आईपीएल का खिताब जीती है और हर बार रोहित शर्मा ही कप्तान रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 8:22 PM IST












