चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 अलीरेजा फिरोजा ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया

चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 अलीरेजा फिरोजा ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया
फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। शुक्रवार को वेस्टिन होटल, चेन्नई में खेले गए दूसरे राउंड में उन्होंने मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डोमराजू गुकेश (डी. गुकेश) को 69 चालों के बाद मात देकर टूर्नामेंट में दो अंकों के साथ बढ़त हासिल कर ली।

चेन्नई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। शुक्रवार को वेस्टिन होटल, चेन्नई में खेले गए दूसरे राउंड में उन्होंने मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डोमराजू गुकेश (डी. गुकेश) को 69 चालों के बाद मात देकर टूर्नामेंट में दो अंकों के साथ बढ़त हासिल कर ली।

एमजीडी1 द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता में आठ शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स डबल-राउंड रॉबिन प्रारूप में हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये है, जबकि खिलाड़ियों के लिए फीडे सर्किट अंक हासिल करने का भी यह महत्वपूर्ण अवसर है।

गुकेश और फिरोजा के मुकाबले की पहली चाल वेस्टिन चेन्नई वेलाचेरी के जनरल मैनेजर दीपराज मुखर्जी ने चली। सफेद मोहरों से खेलते हुए फिरोजा ने रुई लोपेज ओपनिंग का चयन किया। मुकाबला लंबे समय तक संतुलित दिखाई दिया, और ऐसा लग रहा था कि गुकेश नाइट-पॉन एंडिंग में ड्रॉ बचा लेंगे। हालांकि, फिरोजा के सटीक प्यादा बलिदान (पॉन सैक्रिफाइस) और बेहतरीन एंडगेम तकनीक ने बाजी पलट दी, जिससे उन्होंने निर्णायक जीत दर्ज की।

दूसरे मुकाबलों में, भारतीय ग्रैंडमास्टर एम. प्रणेश ने पहले दौर की हार के बाद सतर्क रणनीति अपनाई और रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन के खिलाफ केवल 18 चालों में मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त किया। वहीं, अर्जुन एरिगैसी और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव के बीच भी 43 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर छूटा।

एक अन्य रोमांचक मुकाबले में भारत के निहाल सरीन ने अमेरिका के हैंस नीमन के खिलाफ 132 चालों तक चले मैराथन संघर्ष के बाद ड्रॉ हासिल किया। यह टूर्नामेंट का सबसे लंबा मुकाबला रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन धैर्य और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि पहले दौर में भी अलीरेजा फिरोजा ने भारतीय ग्रैंडमास्टर एम. प्रणेश को 79 चालों तक चले मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया था। लगातार दो जीत के साथ फ्रांसीसी खिलाड़ी अब खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 July 2026 10:42 PM IST

Tags

Next Story