छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन, बिहार सरकार पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला
पटना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र की समाप्ति के बाद रविवार को पटना लौटे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि गिरफ्तार छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो महागठबंधन बड़ा आंदोलन करेगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों का वह धन्यवाद करते हैं। इस आंदोलन को महागठबंधन समेत विपक्ष के सभी दलों का समर्थन मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे बिहार में हजारों छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, सैकड़ों छात्रों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है और उनके खिलाफ गलत धाराएं लगाई गई हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस ने कई जगहों पर अत्यधिक बल प्रयोग किया। सीवान में तीन छात्र गोली लगने से घायल हुए हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस ने छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गलत तरीके से कार्रवाई की, लाठीचार्ज किया और फर्जी मुकदमे दर्ज किए।
उन्होंने कहा कि यदि गिरफ्तार छात्रों को सोमवार तक रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस नहीं लिया गया, तो विपक्ष राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। सरकार को यह समझना होगा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 21 वर्षों में राज्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं और पेपर लीक की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि चाहे सिपाही भर्ती परीक्षा हो, बीपीएससी की परीक्षा, नीट या अन्य कोई प्रतियोगी परीक्षा, हर जगह बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि यह केवल पेपर लीक नहीं, बल्कि 'सरकारी लीक' है, जिसके लिए सरकार जवाबदेह है।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराध को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में भ्रष्टाचारियों और अपराधियों का बोलबाला है। उन्होंने दावा किया कि जब तक मौजूदा सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। उन्होंने सरकार के खिलाफ विपक्ष के संघर्ष को और तेज करने का संकेत देते हुए कहा कि छात्रहितों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 July 2026 2:52 PM IST












