छत्तीसगढ़ गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 912 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तस्कर को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 912.760 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई। इसके अलावा, परिवहन में इस्तेमाल की गई वाहन और अन्य सामान मिलाकर कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए बताई गई।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक वाहन के जरिए गांजा की बड़ी खेप पलसापाली बैरियर की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में केले की बोरियों के बीच छुपाकर रखी गई 29 बोरियों में गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल किया था। जांच में यह सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में शामिल झारखंड निवासी अब्दुल नईम (42) को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कई संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जब्त सामान में 912.760 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान और खुफिया सूचना के आधार पर यह सफलता मिली है। पिछले तीन महीनों में पुलिस ने 72 मामलों में कुल 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 52 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 135 अन्य राज्यों के हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 5:57 PM IST












