येलो अलर्ट: हीट वेव - जिलाधिकारी के आदेश से आज बंद रहे स्कूल-कॉलेज, स्वास्थ्य पर पड़ सकता था असर, बढ़ रही है तपिश

हीट वेव - जिलाधिकारी के आदेश से आज बंद रहे स्कूल-कॉलेज, स्वास्थ्य पर पड़ सकता था असर, बढ़ रही है तपिश
  • अनावश्यक घर से बाहर न निकलें
  • लगातार बढ़ रहा तापमान

Nagpur News. विदर्भ में दिन-प्रतिदिन बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार 18 अप्रैल को जिले के सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय, कॉलेज और कोचिंग क्लासेस बंद रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा 18 अप्रैल के लिए जिले में "येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जिसमें कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है। बढ़ते तापमान और गर्मी के दुष्प्रभावों से नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा यह कदम उठाया गया है।

लगातार बढ़ रहा तापमान

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष कुमार आशीर्वाद ने अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 25 और 30(2) के तहत प्राप्त शक्तियों के अनुसार पारित किया गया है। साथ ही, राज्य शासन के 2 अगस्त 2019 के परिपत्र के अनुसार भी जिलाधिकारी को स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अधिकार प्राप्त है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नागपुर सहित विदर्भ क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर में सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं। जिस कारण जिलाधिकारी ने शनिवार 18 अप्रैल को जिले के सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय, कॉलेज और कोचिंग क्लासेस बंद रखने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है।

अनावश्यक घर से बाहर न निकलें

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, स्कूल प्रबंधन और संबंधित संस्थानों को भी आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे हीट स्ट्रोक, डीहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय एहतियाती कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Created On :   18 April 2026 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story