Nagpur News: नागपुर में चढ़ते पारे के बीच महाराजबाग जू अलर्ट पर

नागपुर में चढ़ते पारे के बीच महाराजबाग जू अलर्ट पर
वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए खान-पान से लेकर व्यवस्थापन तक किए गए बदलाव

Nagpur News नागपुर में पारा दिन-प्रतिदिन चढ़ता जा रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए महाराजबाग चिड़ियाघर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वन्यजीवों को तेज धूप और उमस से बचाने के लिए खान-पान, पानी की व्यवस्था और रहन-सहन में विशेष बदलाव किए गए हैं। पिंजरों में बड़े-बड़े कूलर लगा दिए गए हैं, ताकि जानवरों और पक्षियों को ठंडी हवा मिल सके। साथ ही प्राकृतिक ठंडक प्रदान करने के लिए कई जगहों पर कीचड़ कुंड तैयार किए गए हैं। इनमें भालू, बंदर और अन्य जानवर आराम से लेटकर गर्मी से राहत ले रहे हैं।

महाराजबाग जू नागपुरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी लोकप्रिय आकर्षण का केंद्र है। यहां बाघ, तेंदुआ, भालू जैसे बड़े शिकारी जानवरों से लेकर मोर, इमू समेत विभिन्न पक्षी रहते हैं। गर्मी के मौसम में इन पर सीधा असर पड़ता है। ऐसे में जू प्रशासन हर साल इनकी सुरक्षा और आराम के लिए विशेष इंतजाम करता है।

इस बार के विशेष इंतजाम:

तेंदुआ, बाघ और विभिन्न पक्षियों के पिंजरों में कूलर लगाए गए हैं। ठंडी हवा का आनंद लेते हुए जानवर अब काफी आराम महसूस कर रहे हैं।

मांसाहारी जानवरों (बाघ, तेंदुआ आदि) को हल्का डायट दिया जा रहा है।

बंदर, लंगूर और अन्य शाकाहारी जानवरों को रसीले फल जैसे तरबूज, खीरा, आम और पपीता खिलाए जा रहे हैं। पक्षियों को भी यही फल डायट दी जा रही है।

सभी पिंजरों पर रोजाना पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

भालू और बंदरों के पिंजरों में बर्फ के टुकड़े रखे जा रहे हैं।

कई पिंजरों में कीचड़ कुंड बनाए गए हैं, जहां जानवर ठंडक का एहसास कर सकें।

“गर्मी काफी बढ़ गई है। हम अलर्ट मोड पर हैं। वन्यजीवों को किसी भी प्रकार की हानि न हो, इसके लिए खान-पान से लेकर रहन-सहन तक हर संभव बदलाव किए जा रहे हैं।” महाराजबाग जू प्रशासन का प्रयास है कि इस भीषण गर्मी में भी सभी जानवर स्वस्थ और सक्रिय रहें। नागपुरवासी भी जू घूमने आएं तो जानवरों को परेशान न करें और पानी-प्यासे पक्षियों-जानवरों के लिए सहयोग करें। - सुनिल बाविस्कर, प्रभारी, महाराजबाग जू नागपुर

Created On :   17 April 2026 7:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story