- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ईवीएम-वीवीपैट जांच टली, एसओपी को...
चांदिवली विधानसभा: ईवीएम-वीवीपैट जांच टली, एसओपी को लेकर फंसे मामले में चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप, नसीम बोले - सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

Mumbai News. साल 2024 में चांदिवली विधानसभा सीट से जुड़े ईवीएम-वीवीपैट जांच मामले में एक बार फिर देरी हो गई है। गुरुवार को ईवीएम की जांच प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी क्योंकि चुनाव अधिकारियों ने चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे नसीम खान के अनुसार उनकी मांगों को मानने से इंकार कर दिया। दरअसल हाई कोर्ट ने ईवीएम मशीनों के डाटा सहित जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन स्थानीय चुनाव अधिकारी ने केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा दी गईं मौजूदा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत ही जांच की बात कही। इसी को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ और जांच शुरू नहीं हो सकी।
नसीम खान ने कहा कि जब तक सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ जांच नहीं होती, तब तक प्रक्रिया का कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आधी-अधूरी जांच को स्वीकार नहीं करेंगे। नसीम ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग पर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आयोग का कामकाज किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता जैसा नजर आ रहा है।
दरअसल नसीम ने 2024 विधानसभा चुनाव के दौरान चांदिवली सीट पर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने ईवीएम मशीनों की जांच के आदेश दिए। इसी क्रम में 16 और 17 अप्रैल को बोरीवली में कुछ मशीनों की जांच शुरू की जानी थी लेकिन शुरू नहीं हो सकी। नसीम खान ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की एसओपी सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है। केवल मशीन और वीवीपैट को जोड़कर दिखाना पर्याप्त नहीं है और इसे लेकर उन्होंने आपत्ति जताई।
चांदिवली के विधायक दिलीप लांडे के वकील समाधान सुलाने ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को जी एसओपी दी थीं उसी के तहत चुनाव अधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट की जांच शुरू की थी। जिसका नसीम खान ने विरोध किया। अब उन्होंने दो सप्ताह का समय मांगा है।
Created On :   16 April 2026 9:21 PM IST











