Nagpur News: कैब हड़ताल जारी, मनपा ने बसें उतारीं, फ्लायर्स की दिक्कतों के चलते फैसला

कैब हड़ताल जारी, मनपा ने बसें उतारीं, फ्लायर्स की दिक्कतों के चलते फैसला
  • दूसरे दिन भी हवाई यात्रियों की परेशानी बरकरार, कहासुनी भी होती रही
  • एयरपोर्ट पर हर आधे घंटे में सेवा

Nagpur News एप बेस्ड कैब चालकों की हड़ताल ने नागपुर एयरपोर्ट की व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार दूसरे दिन भी कैब सेवा ठप रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख मनपा के परिवहन विभाग ने तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त बस फीडर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

सुबह 6:30 से सर्विस : परिवहन विभाग के अनुसार सुबह 6:30 बजे से एयरपोर्ट से सीताबर्डी तक हर आधे घंटे में बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। पहले से एक 31 सीटर बस संचालित थी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एक और बस जोड़ी गई है। अब कुल दो बसों के माध्यम से यह सेवा दी जा रही है। आने वाले समय में यात्रियों की मांग को देखते हुए अतिरिक्त बसें भी चलाई जा सकती हैं।

पैदल चलने को मजबूर :एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन भी कैब चालकों की हड़ताल शुरू रही। कैब सेवा बंद होने के कारण दिन भर यात्री परेशान रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद भारी सामान के साथ करीब एक किमी तक पैदल चलना पड़ा। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कुछ यात्रियों ने बताया कि कैब चालकों ने एयरपोर्ट के अंदर आने से इनकार कर दिया, जिससे उन्हें दोगुना किराया देकर बाहर से वाहन लेना पड़ा।

नाराजगी और नोकझोंक : दूसरे दिन भी एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों और कैब चालकों के बीच नोकझोंक की स्थिति बनी रही। अन्य क्षेत्रों से कैब चालकों को एयरपोर्ट में अपनी सेवा देने से रोका गया। इसके चलते चालकों के बीच हल्की कहासुनी देखने को मिली। बीच-बचाव में पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस की चेतावनी के बाद हड़ताल पर बैठे चालकों ने अन्य वाहनों को नहीं रोका। जिन यात्रियों ने अपनी बुकिंग की थी, बाहर निकलते ही उनकी बुकिंग को रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों का गुस्सा भी चरम पर पहुंच गया था।

चुनौतियां अब भी बरक़रार : एक अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर मनपा द्वारा बस सेवा शुरू करने के बावजूद कई समस्याएं बनी हुई हैं। बसों के लिए कोई निर्धारित स्टॉप नहीं होने से यात्रियों को यह समझ नहीं आता कि बस कहां से मिलेगी, जिससे भ्रम की स्थिति है। बस सेवा का कोई स्पष्ट सूचना बोर्ड भी उपलब्ध नहीं है। इन कमियों के चलते यात्रियों को असुविधा हो रही है। ऐसे में मिहान इंडिया से बसों के लिए डेडिकेटेड स्टॉप, स्पष्ट सूचना व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है, ताकि सेवा सुचारू रूप से संचालित हो सके ।


Created On :   16 April 2026 12:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story