छत्तीसगढ़ सूरजपुर की रेड नदी में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार की मौत

सूरजपुर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। यह घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र के सरस्वतीपुर स्थित रेड नदी में हुई, जहां नहाने के दौरान दो किशोर भाई गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके मौसेरे भाई और मौसा भी नदी में कूद गए, लेकिन चारों की जान नहीं बच सकी।
बिहार निवासी 13 वर्षीय गोपाल और 15 वर्षीय कृष्ण गोपाल अपने मौसा के घर घूमने के लिए सूरजपुर आए हुए थे। शनिवार को दोनों भाई अपने 20 वर्षीय मौसेरे भाई अभिजीत और 45 वर्षीय मौसा विवेक सिंह के साथ रेड नदी में नहाने गए थे।
नहाने के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए पहले अभिजीत और फिर विवेक सिंह पानी में उतर गए, हालांकि तेज बहाव और गहराई के कारण चारों नदी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। चारों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद नदी से चारों शवों को निकाल लिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
