चीन में एम्बॉडिड एआई उद्योग का तेजी से विस्तार

चीन में एम्बॉडिड एआई उद्योग का तेजी से विस्तार
चीन में एम्बॉडिड इंटेलिजेंस यानी भौतिक दुनिया में काम करने वाली कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की पूरी औद्योगिक श्रृंखला तेजी से विकसित हो रही है।

बीजिंग, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन में एम्बॉडिड इंटेलिजेंस यानी भौतिक दुनिया में काम करने वाली कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की पूरी औद्योगिक श्रृंखला तेजी से विकसित हो रही है।

देशभर में अब तक 70 से अधिक एम्बॉडिड इंटेलिजेंस प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो चुके हैं, जबकि 40 से अधिक केंद्र निर्माणाधीन हैं या उनकी योजना बनाई जा रही है। इनके विकास से यांग्त्जी नदी डेल्टा, पेइचिंग-थ्येनचिन-हपेई और पर्ल नदी डेल्टा में तीन प्रमुख औद्योगिक क्लस्टर उभर रहे हैं।

इस क्षेत्र में चीन की प्रगति का अंदाजा देश की राजधानी पेइचिंग के चोंगक्वानछुन स्थित लाइटव्हील एआई कंपनी के काम से लगाया जा सकता है। कंपनी का एम्बॉडिड इंटेलिजेंस डेटा प्लेटफॉर्म अब तक 15 लाख घंटे का मानव वीडियो डेटा उपलब्ध करा चुका है, जो वैश्विक स्तर पर अग्रणी है।

वहीं, क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में प्रशिक्षण डेटा की मदद से तैयार पहियों और रोबोटिक भुजा वाला एक मानवरूपी रोबोट बिजली के कैबिनेट में स्विच चलाने और औद्योगिक वाल्व खोलने-बंद करने जैसे जटिल काम कर सकता है। इन कार्यों में इसकी सफलता दर 80 से 90 प्रतिशत के बीच है।

आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में चीन के मुख्य एआई उद्योग का आकार 12 खरब युआन से अधिक रहा और इस क्षेत्र में काम करने वाले उद्यमों की संख्या 6,200 से ज्यादा हो गई।

इस बीच, चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित संबंधित विभागों ने हाल ही में इस क्षेत्र के विकास के लिए एक विशेष कार्य योजना शुरू की है। यह योजना औद्योगिक, सेवा और विशेष अनुप्रयोगों से जुड़े तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य वास्तविक परिस्थितियों में प्रशिक्षण, डेटा का संग्रह, उत्पादों में लगातार सुधार और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल को जोड़कर एक संपूर्ण औद्योगिक चक्र तैयार करना है।

आगे की योजना के तहत चीन प्रशिक्षण केंद्रों के क्लस्टर को और मजबूत करेगा, वास्तविक परिस्थितियों में रोबोट के प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में एम्बॉडिड इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Oct 2026 5:19 PM IST

Tags

Next Story