चीन में तूफान ‘डॉल्फिन’ का कहर 10 लाख से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए, ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी
बीजिंग, 10 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के पूर्वी हिस्सों में शक्तिशाली तूफान ‘डॉल्फिन’ ने भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। चीनी मेट विभाग ने ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम तक 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में लगातार तेज बारिश से कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो सकती है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि चीन के नेशनल मौसम विज्ञान सेंटर के अनुसार, टाइफून डॉल्फिन पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से टकराने के बाद अंदर की ओर बढ़ रहा है और इसके 10 से इलाकों में भारी बारिश लाने की आशंका है।
सेंटर ने सोमवार सुबह एक ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी की, जिसमें झेजियांग, जियांग्सू, हेनान और हेबेई जैसे इलाकों में बुधवार तक लगातार भारी बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
तूफान का सबसे ज्यादा असर झेजियांग प्रांत के तटीय शहर वेंझोउ पर पड़ा है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यहां 9 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लोगों के लिए 1,500 से ज्यादा आपातकालीन आश्रय केंद्र खोले गए हैं। पड़ोसी फुजियान प्रांत में भी करीब 98,900 लोगों को जोखिम वाले इलाकों से हटाया गया।
चीन का सबसे बड़ा शहर शंघाई भी तूफान की चपेट में है। रविवार शाम तक शहर के संवेदनशील इलाकों से करीब 2,15,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। यह संख्या पहले बताए गए 30,300 लोगों के मुकाबले कई गुना अधिक है।
बारिश ने शंघाई में पिछले डेढ़ सदी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। शहर के एक मौसम केंद्र ने 24 घंटे की अवधि में 150 साल से अधिक समय में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।
तूफान ‘डॉल्फिन’ सोमवार तड़के कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। इसके उत्तर और अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ने के साथ चीन के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। शानदोंग, हेनान, हुबेई, अनहुई, जिआंगसू, झेजियांग और शंघाई में बुधवार तक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है। अधिकारियों ने लोगों से भारी बारिश के दौरान घरों के अंदर रहने की अपील की है।
तूफान का असर सामान्य जनजीवन पर भी पड़ा है। शंघाई के दोनों हवाई अड्डों से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
चीन पहुंचने से पहले ‘डॉल्फिन’ जापान के दक्षिणी ओकिनावा क्षेत्र से गुजरा, जहां छह लोग घायल हुए और 50 हजार से अधिक इमारतों की बिजली प्रभावित हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 12:43 PM IST












