चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का पांचवां पूर्ण सत्र सख्त पार्टी शासन, भ्रष्टाचार पर प्रहार और विकास की नई दिशा

बीजिंग, 5 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं केंद्रीय समिति का पांचवां पूर्ण सत्र 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक पेइचिंग में आयोजित हुआ। इस बैठक में पार्टी के व्यापक और सख्त शासन को आगे बढ़ाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तेज करने, संगठनात्मक अनुशासन मजबूत करने और देश के आर्थिक-सामाजिक विकास को नई गति देने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
पार्टी महासचिव शी चिनफिंग ने सत्र में महत्वपूर्ण भाषण दिया। बैठक में आगामी वर्षों के लिए पार्टी की कार्यदिशा और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। चीन की विकास यात्रा को समझने के लिए केवल उसकी आर्थिक वृद्धि, आधुनिक बुनियादी ढांचे, तकनीकी प्रगति और औद्योगिक क्षमता पर नजर डालना पर्याप्त नहीं है।
देश की नीतियां कैसे बनती हैं, उनका क्रियान्वयन किस तरह होता है और शासन व्यवस्था अपनी कमियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाती है। ये भी उतने ही महत्वपूर्ण पहलू हैं।
26 से 29 अक्टूबर 2026 तक पेइचिंग में आयोजित इस अधिवेशन का मुख्य एजेंडा पार्टी के भीतर व्यापक और कठोर आत्म-शासन को निरंतर आगे बढ़ाना रहा। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव शी चिनफिंग ने उद्घाटन के अवसर पर पोलित ब्यूरो की ओर से कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत की और पार्टी के व्यापक एवं कठोर आत्म-शासन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर एक मसौदा निर्णय की व्याख्या की।
इस दस्तावेज का उद्देश्य पार्टी के निर्माण, अनुशासन और शासन क्षमता से जुड़े अनुभवों का आकलन करना तथा भविष्य की प्राथमिकताओं को निर्धारित करना है।
पूर्ण सत्र का प्रमुख संदेश यह रहा कि किसी भी बड़े राजनीतिक संगठन की दीर्घकालिक मजबूती के लिए अनुशासन, जवाबदेही और आत्म-सुधार आवश्यक हैं। पार्टी नेतृत्व ने अपने ऐतिहासिक अनुभवों की समीक्षा करते हुए इस बात पर बल दिया कि संगठन को समय के साथ बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना चाहिए।
बैठक में पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक शिथिलता और अनुशासनहीनता जैसी चुनौतियों से निपटने की आवश्यकता रेखांकित की गई। भ्रष्टाचार करने का साहस न करना, भ्रष्टाचार करने में असमर्थ होना और भ्रष्टाचार करने की इच्छा न रखना, इन तीनों पहलुओं को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाने की रणनीति पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ ऐसी संस्थागत व्यवस्था तैयार करना है, जो भ्रष्टाचार की संभावनाओं को कम करे और सार्वजनिक पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करे।
पूर्ण सत्र में नए युग में पार्टी निर्माण से संबंधित शी चिनफिंग के विचारों को पार्टी की संगठनात्मक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन बताया गया। बैठक में मार्क्सवाद के मूल सिद्धांतों को चीन की परिस्थितियों और पारंपरिक संस्कृति के साथ जोड़ने की नीति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पार्टी के राजनीतिक नेतृत्व, वैचारिक मार्गदर्शन और जमीनी स्तर तक संगठन की पहुंच को मजबूत करना भी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा। इसके साथ ही पार्टी के संविधान और आंतरिक नियमों के पालन, लोकतांत्रिक केंद्रीकरण की व्यवस्था तथा नेतृत्व के निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया।
बैठक में अधिकारियों के चयन, प्रशिक्षण, नियुक्ति और निगरानी की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने की जरूरत भी सामने आई। पार्टी नेतृत्व का जोर ऐसी कैडर टीम तैयार करने पर रहा, जो राजनीतिक रूप से सक्षम होने के साथ प्रशासनिक दक्षता, जिम्मेदारी और कार्यक्षमता के मानकों पर भी खरी उतरे।
मेरे विचार में, किसी भी विकासशील या विकसित देश के लिए यह एक प्रासंगिक सवाल है कि नीतियों की घोषणा के बाद उनके परिणामों का आकलन कैसे किया जाए। चीन के संदर्भ में भी अधिवेशन की उपयोगिता का मूल्यांकन इस आधार पर किया जाना चाहिए कि घोषित प्राथमिकताएं किस हद तक व्यवहार में प्रभावी साबित होती हैं।
चीन के आर्थिक भविष्य के लिहाज से भी यह बैठक महत्वपूर्ण रही। पूर्ण सत्र में 14वीं पंचवर्षीय योजना के सफल समापन और 15वीं पंचवर्षीय योजना की अच्छी शुरुआत के लिए प्रयास तेज करने पर जोर दिया गया। आर्थिक विकास की गुणवत्ता बढ़ाना, घरेलू मांग को प्रोत्साहित करना, सुधारों को गहरा करना और आर्थिक नीतियों का प्रभावी इस्तेमाल प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहे।
चीन के सामने मौजूदा वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, घरेलू विकास संबंधी चुनौतियों और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच स्थिरता बनाए रखने का लक्ष्य है। ऐसे में आर्थिक विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक स्थिरता और जन जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाने पर भी ध्यान दिया गया।
बैठक में रोजगार, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और जनकल्याण से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने वर्ष के शेष समय में आर्थिक और सामाजिक विकास के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने तथा अगले विकास चरण के लिए मजबूत आधार तैयार करने का आह्वान किया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
