चिराग के सीएम बनाने की मांग पर बिहार के मंत्री ने कहा- कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान, अभी नीतीश मुख्यमंत्री हैं
पटना, 9 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में सियासी बदलाव की संभावना को लेकर लोजपा (रामविलास) द्वारा चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाने की मांग के पोस्टर लगाए जाने को लेकर प्रदेश के गन्ना विभाग के मंत्री संजय पासवान ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अपनी भावना होती है और उनकी भावना का सम्मान है। लेकिन अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं।
पटना में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान उनसे जब चिराग के मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले लगाए गए पोस्टर के संबंध में पूछा गया, तो लोजपा (रामविलास) के नेता संजय पासवान ने कहा, "अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। आगे जो भी होगा, एनडीए की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। उसमें जो फैसला होगा, हम उसका स्वागत करेंगे।"
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की अपनी भावना होती है और उनकी भावनाओं का हम सभी सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जो तय करेगा, उसका स्वागत करेंगे। गठबंधन के अंदर फैसले का सम्मान करना चाहिए, किसी एक व्यक्ति के चाहने से नहीं होगा। गठबंधन में शीर्ष नेतृत्व जो फैसला लेगा, उसका सम्मान होगा।
इधर, निशांत के जदयू में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि सभी दल अपनी पार्टी की बेहतरी के लिए फैसला लेते हैं और अपने नेता का चुनाव करते हैं। यह पार्टी का अपना फैसला है। इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उनके कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई जा रही है। इस मांग को लेकर बिहार भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्टर भी लगाए गए हैं।
दरअसल, एनडीए में शामिल लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के कार्यकर्ताओं द्वारा इससे पहले भी इस तरह की मांगें उठाई जाती रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद यह तय हो गया है कि बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली होगी। इस बीच, चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बाद सियासी तापमान बढ़ गया है। भाजपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया है - 'ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।'
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 March 2026 2:24 PM IST












