चिराग पासवान ने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का किया दावा, मांझी के बयान को बताया निंदनीय

चिराग पासवान ने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का किया दावा, मांझी के बयान को बताया निंदनीय
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ट्रेंड्स, दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या, मजदूर दिवस, एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी और बिहार में हालिया एनकाउंटर जैसे कई अहम मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी बात रखी। उन्होंने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का दावा किया। वहीं, दिल्ली में हुए बिहार के युवक की हत्या पर अपने सहयोगी मंत्री के बयान को निंदनीय बताया।

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ट्रेंड्स, दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या, मजदूर दिवस, एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी और बिहार में हालिया एनकाउंटर जैसे कई अहम मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी बात रखी। उन्होंने बंगाल में भाजपा सरकार बनने का दावा किया। वहीं, दिल्ली में हुए बिहार के युवक की हत्या पर अपने सहयोगी मंत्री के बयान को निंदनीय बताया।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दोनों चरणों के मतदान में 90 प्रतिशत से अधिक वोटिंग अपने आप में बदलाव का संकेत है। उनके मुताबि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार 4 मई के बाद बंगाल में बनने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संभावित हार की वजह से ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं में बेचैनी और बौखलाहट देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर प्रदर्शन करना और बिना वजह विवाद खड़ा करना इसी घबराहट का संकेत है। पासवान ने टीएमसी पर हिंसा के जरिए सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार चुनाव आयोग ने बेहतर काम किया है और बड़े स्तर की हिंसा को काफी हद तक नियंत्रित किया गया है।

दिल्ली में एक बिहारी युवक की हत्या को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान पर चिराग पासवान ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि “ऐसे बयान निंदनीय हैं। कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी राज्य, जाति, धर्म या भाषा से हो, उसकी हत्या पर इस तरह की प्रतिक्रिया देना असंवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर वे ऐसे बयान का समर्थन करते हैं तो पीड़ित परिवार का सामना नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के दर्द को समझना जरूरी है और उस पर नमक छिड़कने का किसी को अधिकार नहीं है।

चिराग पासवान ने बताया कि उनकी पार्टी और बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके सांसद राजेश वर्मा मौके पर गए और पार्टी की तरफ से आर्थिक सहायता दी गई। साथ ही, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार ने भी परिवार की मदद की है। उन्होंने कहा कि सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि परिवार को न्याय दिलाना भी उतना ही जरूरी है। कानूनी स्तर पर भी सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर चिराग पासवान ने देश के सभी मजदूरों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास की नींव में मजदूर रीढ़ की हड्डी की तरह काम करते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मजदूरों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के मजदूरों के योगदान को सराहा और कहा कि सरकार ने उनके हितों की रक्षा के लिए कई कानून और फैसले किए हैं।

कमर्शियल एलपीजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए पासवान ने कहा कि यह वैश्विक संकट का असर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी भी चुनौतियों से इनकार नहीं किया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस मुद्दे पर भ्रम फैलाकर कालाबाजारी और जमाखोरी करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वैश्विक हालात जल्द सुधरेंगे और आम लोगों पर इसका असर कम होगा।

बिहार में हालिया एनकाउंटर पर विपक्ष के सवाल उठाने पर चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष हर स्थिति में सवाल उठाता है, चाहे कार्रवाई हो या न हो। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि सेलेक्टिव राजनीति की बात करने से पहले उन्हें अपने इतिहास को देखना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि डबल इंजन की सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के तहत बिहार में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहेगी।

चिराग पासवान ने आगे कहा कि जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी गरीब, मजदूर या कमजोर वर्ग के साथ अन्याय न हो और एक समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 6:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story