हार के डर से घबराई टीएमसी, भाजपा की बनेगी सरकार शाहनवाज हुसैन
पटना, 1 मई (आईएएनएस)। कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हुए हंगामे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर तीखा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हार के डर से घबराई हुई है और इसी कारण उसके नेता स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच रहे हैं।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जनता अपना फैसला पहले ही सुना चुकी है और भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ सत्ता में आने जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अधिकांश एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में हैं और पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से सरकार बनने के संकेत दे रहे हैं।
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताते हुए कहा कि आयोग ने निष्पक्ष चुनाव कराए हैं और टीएमसी पहले से ही अपनी संभावित हार का ठीकरा आयोग पर फोड़ने की कोशिश कर रही है। हुसैन ने आरोप लगाया कि जब भी चुनाव आयोग ने टीएमसी नेताओं को बुलाया, वे उपस्थित नहीं हुए, जबकि भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है और सरकार बनाने की स्थिति में है।
वहीं, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह टीएमसी की हताशा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी को यह एहसास हो चुका है कि वह भवानीपुर जैसी महत्वपूर्ण सीट भी हार सकती है। सरावगी ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और अन्य राजनीतिक दलों की मौजूदगी में जो गतिविधियां की जा रही हैं, वे कानूनी नहीं हैं और चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह से सुरक्षित होते हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रहती है और बिना अनुमति किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं होती। इसके बावजूद अंदर जाने की कोशिशें नियमों के खिलाफ हैं।
सरावगी ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य ने “महा जंगल राज” का अनुभव किया है, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 6:30 PM IST












