सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में कई पुलिसकर्मी घायल, प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी और हिंसा का आरोप
नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में सीजेपी विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प को लेकर विवाद बढ़ गया है। दिल्ली पुलिस के कई अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थरबाजी और हिंसक गतिविधियां की गईं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने घटना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश करने का दावा किया है।
एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बैरिकेडिंग बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान मुझे चोट लगी। मेरे घुटने पर चोट आई है।"
दिल्ली पुलिस इंस्पेक्टर रामपाल गोस्वामी ने भी प्रदर्शन के दौरान घायल होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह उस समय पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में रिजर्व ड्यूटी पर तैनात थे। बीट-2 इंचार्ज के निर्देश पर उन्हें कनॉट प्लेस की ओर आउटर चैंबर क्षेत्र में भेजा गया, जहां प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई थी।
इंस्पेक्टर गोस्वामी के मुताबिक, पुलिस टीम प्रदर्शनकारियों को अलग करने और उन्हें वहां से हटाने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों से हमला किया और पत्थर फेंके। उन्होंने बताया कि एक पत्थर उनके सिर पर लगा, लेकिन हेलमेट होने के कारण गंभीर चोट से बचाव हुआ। वहीं, एक अन्य पत्थर उनके हाथ पर लगा, जिससे उन्हें चोट आई।
पुलिस के अनुसार, जनपथ मेट्रो स्टेशन के पास भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन को पलटने और उसमें आग लगाने की कोशिश की, जिसके बाद पथराव हुआ। पुलिस ने बताया कि इस दौरान कई जवानों को चोटें आईं।
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया, "प्रदर्शन के दौरान कुल छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा, इंस्पेक्टर रामपाल गोस्वामी, इंस्पेक्टर रविंदर मलिक और सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र व अजय शामिल हैं। कांस्टेबल मोहित कसाना के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं।"
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान घायल सब-इंस्पेक्टर श्रीनिवास शर्मा ने भी आरोप लगाया, "प्रदर्शनकारी आक्रामक हो गए थे। झड़प के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी प्रभावित हुए। प्रदर्शनकारी सुबह से ही सड़कों पर जुटने लगे थे और दोपहर तक भीड़ काफी बढ़ गई थी।"
उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि प्रदर्शनकारी संसद मार्ग स्थित एसबीआई मुख्यालय के पास बैठे हैं। पुलिसकर्मी उनसे सड़क खाली करने की अपील करने पहुंचे, लेकिन स्थिति बिगड़ गई और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें पैर में फ्रैक्चर हुआ।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 11:08 PM IST












