सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं स्वामी अवधेशानंद गिरि
हरिद्वार, 16 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं।
हरिद्वार में स्वामी अवधेशानंद गिरि ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित किया और सभी नागरिकों को समान अधिकार देने की दिशा में कदम उठाया। राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों का भी काफी विकास हुआ है। बद्रीनाथ-केदारनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री और हरिद्वार में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। कुंभ मेले के नजदीक आने के कारण मुख्यमंत्री धामी उत्साहित हैं और उन्होंने संतों के साथ कई बैठकें भी की हैं।
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि उत्तराखंड के तीर्थस्थलों पर घाटों को सुंदर बनाया गया है और राज्य में कई नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। उन्होंने राज्य में अपराध कम होने, शिक्षा के क्षेत्र में विकास और उत्तराखंड के शिक्षा का हब बनने की दिशा में आगे बढ़ने का भी उल्लेख किया। राज्य में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, रेल सुविधाओं का विस्तार हुआ है और सड़कों का जाल बिछाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार बेहतर काम कर रही है।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कर्मठ एवं कर्मयोगी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश की ओर से जन्मदिवस की अनंत मंगलकामनाएं। मां गंगा और हिमालय की पावन धरती की दिव्य कृपा सदैव आपके जीवन पर बनी रहे। आपका जीवन सेवा, समर्पण, साधना और राष्ट्र-सेवा के प्रकाश से निरंतर आलोकित होता रहे।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री के लिए आरोग्य, आनंद, यश, शक्ति और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि देवभूमि की सेवा के उनके संकल्पों को निरंतर ऊर्जा और सफलता प्राप्त हो।
दूसरी ओर, राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान की बालिकाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, बालिकाओं द्वारा व्यक्त किए गए स्नेह और भावनाओं से मुख्यमंत्री बेहद भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 6:56 PM IST












