सीएम मोहन यादव ने जबलपुर में कांवड़ियों पर बरसाए फूल, डमरू बजाया, दादा गुरु संग चले पैदल

सीएम मोहन यादव ने जबलपुर में कांवड़ियों पर बरसाए फूल, डमरू बजाया, दादा गुरु संग चले पैदल
मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के रांझी में निकली कावड़ यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए और उन्होंने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। कावड़ यात्रा में गूंज रहे बम भोले के जय घोष के साथ भक्त ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे। लगातार बजते ढोल-नगाड़ों ने माहौल को और उत्साह से भर दिया।

जबलपुर, 10 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के रांझी में निकली कावड़ यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए और उन्होंने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। कावड़ यात्रा में गूंज रहे बम भोले के जय घोष के साथ भक्त ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे। लगातार बजते ढोल-नगाड़ों ने माहौल को और उत्साह से भर दिया।

इस कांवड़ यात्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री यादव ने शामिल होकर फूलों की बारिश कर कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने खुद कांवड़ उठाई, उत्साह से डमरू भी बजाया और दादा गुरु के साथ कांवड़ यात्रा में पैदल भी चले। इस दौरान कई जन-प्रतिनिधि भी उनके साथ थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज सावन मास का पवित्र सोमवार है, मां नर्मदा का आशीर्वाद सबको मिल रहा है। भगवान भोलेनाथ को जल अर्पण करने के लिए कांवड़िये मां नर्मदा का जल लेकर जा रहे हैं। कांवड़ियों का सैलाब समुद्र की लहर के समान दिखाई दे रहा है। जहां तक नजर जा रही है, वहां तक कांवड़िये ही कांवड़िये दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा तो बहुत देखीं, लेकिन इतनी बड़ी कांवड़ यात्रा में पहली बार देख रहा हूं। यह पवित्र महीना सावन भगवान भोलेनाथ की भक्ति का महीना है। यह कांवड़िये दादा गुरु के नेतृत्व में पूरे भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए हैं। हमारी सरकार धार्मिक पर्यटन के लिए, श्रद्धालुओं के लिए, सनातन संस्कृति को मजबूत करने के लिए सभी प्रकार के कार्य कर रही है। सरकार एक तरफ इन कांवड़ यात्रियों को पूरी सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है, दूसरी तरफ देव स्थानों को भी सुविधायुक्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत की जड़ों में सनातन संस्कृति है। सनातन संस्कृति आत्म अनुशासन, प्रगति और उल्लास का मार्ग प्रशस्त करती है। सनातन संस्कृति जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करना सिखाती है।

सीएम मोहन यादव ने संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित कांवड़ यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ''पवित्र श्रावण माह के द्वितीय सोमवार के अवसर पर आज जबलपुर में परम पूज्य श्रद्धेय दादा गुरु जी के सानिध्य में संस्कार कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मां नर्मदा का जल लेकर निकले कांवड़ यात्रियों का उत्साह अतुलनीय है। यह अद्भुत यात्रा हमारी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। कांवड़ियों को यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भगवान शिव की कृपा से समस्त प्रदेशवासियों का मंगल व कल्याण हो, यही प्रार्थना है।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Aug 2026 3:27 PM IST

Tags

Next Story