सीएम रेखा गुप्ता ने मिंटो रोड काली मंदिर में की पूजा, बोलीं- बंगाल की दुर्गा पूजा सनातन संस्कृति का अनुपम उत्सव
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मिंटो रोड स्थित काली मंदिर में बंगाली समाज के साथ दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने मिंटो रोड काली मंदिर परिसर, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में सहभागिता कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जय मां दुर्गा! ढाक की गूंज, शंखनाद की पवित्रता, धुनुची नृत्य की उल्लासपूर्ण परंपरा और मां दुर्गा के प्रति अगाध श्रद्धा… बंगाल की दुर्गा पूजा हमारी सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक समृद्धि और सामूहिक चेतना का अनुपम उत्सव है। मिंटो रोड स्थित काली मंदिर में बंगाली समाज के साथ दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। बंगाली समाज ने अपनी समृद्ध साहित्यिक विरासत, कला, संगीत, आध्यात्मिक परंपराओं और आत्मीयता से दिल्ली के सांस्कृतिक वैभव को निरंतर समृद्ध किया है। मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है, जो समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है।
इसके अलावा एक अन्य पोस्ट में सीएम रेखा गुप्ता ने लाल किला मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "आज ऐतिहासिक लाल किला मैदान में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में सम्मिलित हुई। राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के प्रति गृहमंत्री का अटूट समर्पण तथा उनका दृढ़ नेतृत्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका सान्निध्य राष्ट्रसेवा, कर्तव्यबोध और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण के भाव को और सुदृढ़ करता है। दिल्ली की रामलीलाओं में हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा बसती है। यह गौरवशाली परंपरा हमारी नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, जीवन मूल्यों और रामायण की महान विरासत से जोड़ती है। जय श्रीराम।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Oct 2026 12:08 AM IST












