कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए कर्जत में काटे गए पेड़, मनसे ने महाराष्ट्र सरकार पर लगाया आरोप

मुंबई, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने कर्जत में पेड़ काटे जाने को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'टोरेंट कंपनी' के प्रोजेक्ट के लिए 2,075 से ज्यादा पेड़ काटे गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर की रैली से पहले राज ठाकरे जंगल का दौरा करेंगे।
संदीप देशपांडे ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार ने नासिक में होने वाले कुंभ मेले के लिए भी पेड़ों की कटाई की थी। सरकार ने हजारों पेड़ काट दिए थे और वे अभी भी ऐसा ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्जत में जंगलों की कटाई का दृश्य बेहद दर्दनाक है। 150 साल पुराने पेड़ों को काट दिया गया है। यहां तक कि आयुर्वेदिक महत्व वाले पेड़ों को भी नहीं छोड़ा गया। सवाल यह है कि पेड़ों को काटकर कैसा ग्रीन प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है।
संदीप देशपांडे ने आरोप लगाया कि गुजरात की टोरेंट कंपनी के लिए पेड़ों की कटाई की जा रही है। अब तक 2,075 से ज्यादा पेड़ काटे जा चुके हैं जबकि 32 हजार पेड़ों को काटने की अनुमति दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि पेड़ों की कटाई की अनुमति कैसे मिली जबकि ग्राम पंचायत ने इस संबंध में कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया।
उन्होंने कहा कि 28 तारीख को पुलिस ग्राउंड में राज ठाकरे की सभा होगी। इससे पहले राज ठाकरे खुद जंगल में जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। देशपांडे ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रकृति का विनाश करके विकास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री जो कहते हैं, वह सब सही होता है? साथ ही उन्होंने 1975 में बनी एक फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को अपनी बनाई हुई फिल्म खुद देखनी चाहिए।
मनसे नेता ने कहा कि पेड़ कटाई के विरुद्ध आंदोलन चलाने की जरूरत है। सभी विरोधी पक्ष के नेताओं को एकजुट होकर पर्यावरण को बचाने के लिए सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। राज ठाकरे के निर्देश पर मनसे आंदोलन की रणनीति बनाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
