'कॉन सिटी' का टीजर आया सामने, अर्जुन दास और अन्ना बेन के साथ इम्मान अन्नाची का दिखा नया अंदाज
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा में इन दिनों निर्देशक हरीश दुरईराज की आने वाली कॉमेडी-फैमिली एंटरटेनर 'कॉन सिटी' काफी चर्चा में है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता का माहौल है। इस कड़ी में फिल्म मेकर्स ने टीजर जारी किया है और बताया कि फिल्म में इम्मान अन्नाची कौन सा किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस पॉवरहाउस पिक्चर्स ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, ''हर गली की अपनी कहानी होती है। 'कॉन सिटी' में इम्मान अन्नाची से मिलिए, जो चुट्टी अन्ना का किरदार निभा रहे है। यह फिल्म हरीश दुरईराज द्वारा बनाई गई है और जल्द ही आपके नजदीकी थिएटर में आएगी।''
टीजर की शुरुआत ही दर्शकों को रोमांचित कर देती है। टीजर में देखा जा सकता है कि अर्जुन दास अपने घर से भागकर सुरक्षित जगह पर पहुंचते है, लेकिन उनके पीछे बड़ा खतरा है। उन्हें फोन पर पैसे मांगने वाला एक व्यक्ति लगातार धमकी दे रहा है। मनी लेंडर अर्जुन दास को धमकी देता है कि अगर उसने धोखा दिया तो वह उसके परिवार को नहीं छोड़ेगा। इस पर अर्जुन दास गुस्से में जवाब देते हैं कि वह पैसे नहीं देगा और जो करना है कर ले।
इसके बाद अर्जुन दास गुस्से में अपने आस-पास की चीजों को उछालते हैं और अचानक उन्हें एक जादुई मशीन मिल जाती है, जिससे नोट निकलने लगते हैं। इस घटना से कहानी में मजेदार और रोमांचक मोड़ आता है और दर्शक जानने के लिए उत्साहित हो जाते हैं कि आगे क्या होने वाला है।
फिल्म में अर्जुन दास और अन्ना बेन के अलावा, योगी बाबू, वदिवुक्कारसी, इम्मान अन्नाची और अखिलन भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
निर्देशक हरिश दुरईराज ने इस फिल्म में हास्य, रोमांच और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण किया है। टीजर से साफ है कि फिल्म थ्रिलर से भरपूर है। टीजर के बाद फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं और यह फिल्म रिलीज होने से पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 1:06 PM IST












