कंडीशन गेंदबाजों के अनुकूल, बल्लेबाजी के लिए आत्मविश्वास जरूरी सऊद शकील
बर्मिंघम, 10 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बल्लेबाज सऊद शकील ने माना कि उनकी टीम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान बार-बार गलती दोहरा रही है। शकील ने कहा कि टीम को और सब्र दिखाने और मुश्किल दौर से लड़ने की जरूरत है। सीरीज में पहले दो टेस्ट गंवा चुकी पाकिस्तान बुधवार से बर्मिंघम में शुरू हुए तीसरे टेस्ट में पहली पारी में 133 रन पर सिमट गई।
क्रिकइन्फो के मुताबिक, शकील ने कहा, "यह निराशाजनक है। हम एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर वही गलती कर रहे हैं। हमने आसानी से अपने विकेट दिए।"
उन्होंने कहा, "हम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हां, यह निराशाजनक है कि हम वही गलतियां करते रहते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह आत्मविश्वास का मामला है। अगर आपमें इस स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास नहीं है, तो आप यहां खेलने के लायक नहीं हैं। मुश्किल हालात में, खराब फॉर्म से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो सकता है।"
शकील इस सीरीज में लगातार रन बनाने वाले अकेले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार इनिंग्स में 175 रन बनाए हैं, जबकि टीम का उनका कोई भी साथी खिलाड़ी 100 के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है।
शकील ने कहा कि टॉस हारने और आसमान में बादल छाए होने की स्थिति में बैटिंग करने के बाद पाकिस्तान के पास साझेदारी बनाने का एक अहम मौका था।
उन्होंने कहा, "टेस्ट आगे बढ़ने के साथ पिच बेहतर होगी, लेकिन शुरुआत में इसमें दम था। टॉस हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन हम हार गए और पहले बैटिंग की, और वहां आसमान में बादल छाए होने की वजह से इंग्लैंड को फायदा हुआ। नई गेंद से इंग्लैंड का टॉप ऑर्डर भी जूझ रहा था, इसलिए नई गेंद से खेलना जरूरी था।"
पाकिस्तान के पहले पांच बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच पाए। यह पहली बार था जब उनके टॉप पांच बल्लेबाज इंग्लैंड में टेस्ट की पहली पारी में 10 या उससे ज्यादा रन नहीं बना पाए।
शकील ने एक बार फिर कंडीशन और सिचुएशन के हिसाब से ढलने की अपनी काबिलियत दिखाई। शकील ने सर्वाधिक 43 रन बनाए।
उन्होंने कहा, "मैं किसी भी स्थिति की जरूरत के हिसाब से खेलने की कोशिश करता हूं। मेरे आस-पास विकेट गिर रहे थे, मेरे लिए सबसे अच्छा विकल्प था कि मैं ज्यादा से ज्यादा रन बनाऊं। इसलिए मैं स्थिति के हिसाब से संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा था।"
शकील ने माना कि सीरीज के दौरान गेंदबाजों को मिली मदद से हम हैरान हैं। रूट जैसे खिलाड़ी भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शायद हमें इसकी आदत नहीं है, लेकिन हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे थे। हम अपनी बैटिंग की नाकामियों को मानते हैं, लेकिन हालात भी बॉलर्स के पक्ष में हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 1:44 PM IST












