सागर शराब त्रासदी पर कांग्रेस का वार, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले-जवाबदेही से भाग रही डबल इंजन सरकार
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मध्य प्रदेश में भाजपा भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा लांघ चुकी है और लापरवाही का आलम यह है कि अब लोगों की जान की भी कोई कीमत नहीं बची।" मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 31 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 11 लोग अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। 31 परिवार उजड़ गए, किसी का बेटा गया, किसी का पिता तो किसी का पति, लेकिन भाजपा सरकार के लिए यह भी बस एक और हादसा है।
उन्होंने कहा कि यही पिछले 22 साल से भाजपा का तरीका बन चुका है। खड़गे ने कई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बालाघाट में 27 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई। हाईकोर्ट को सरकार को फटकार लगानी पड़ी क्योंकि भाजपा की सरकार 1 महीने बीत जाने के बाद भी सर्वे रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।इंदौर में दूषित पानी ने 36 लोगों की जान ले ली। जहरीली कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत हो गई। वहीं सीधी में एक साल में 53 प्रसूताओं की मौत हो गई।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जहर शराब में हो, पानी में हो या दवा में, हर बार कीमत मध्य प्रदेश की जनता अपनी जान देकर चुका रही है। डबल इंजन सरकार जवाबदेही से दोगुनी रफ्तार से भागती नजर आती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता जब न्याय मांगती है तो जवाब में वाटर कैनन और आंसू गैस चलाई जाती है। केंद्र हो या भाजपा की राज्य सरकारें, जवाबदेही कोई नहीं लेता और सजा किसी को नहीं मिलती।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 2:04 PM IST












