कांग्रेस और कितना गिरेगी, मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भाजपा नेताओं का तीखा पलटवार

कांग्रेस और कितना गिरेगी, मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भाजपा नेताओं का तीखा पलटवार
पटना में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की है।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता को देश देख रहा है। कांग्रेस और कितना गिरेगी और कितने घटिया, अशोभनीय और निंदनीय बयान देगी? जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ऐसी हालत है तो कांग्रेस के नेताओं की क्या स्थिति होगी? संगत का असर साफ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि कभी सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते थे और अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीएम के पिता को लेकर अपशब्द कहे हैं। कांग्रेस का स्तर कितना गिर गया है? राजनीतिक रूप से प्रधानमंत्री मोदी का सामना नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए अराजकता फैलाने के लिए झूठ और अफवाह फैला रहे हैं। देश के बढ़ते कदमों को रोकना चाहते हैं और देश के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना चाहते हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करके देश का अपमान किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर निंदनीय टिप्पणी की है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में लोग नहीं आए, कुर्सियां खाली रहीं तो क्या इसके कारण वह प्रधानमंत्री मोदी के पिता को अपशब्द कहेंगे? कांग्रेस और कितना नीचे गिरेगी?

वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह कांग्रेस की निराशा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 100 से अधिक चुनाव हार चुकी है। इसलिए ये लोग हताश हो चुके हैं।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह भाषा किसी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष की नहीं हो सकती। ऐसा लगता है कि उन्होंने गुंडों और मवालियों की भाषा अपना ली है। कांग्रेस बिहार में लंबे समय से सत्ता से बाहर है। ऐसे में अगर वहां कोई विरोध करेगा तो लोग अपनी प्रतिक्रिया देंगे ही। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को बदलने का काम किया है। यह कांग्रेस की कोई नई भाषा नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है। प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर भी इन लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। देश की जनता मानती है कि उन्हें इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story