कांग्रेस देशहित के खिलाफ फैला रही है भ्रम, फर्जी एआई वीडियो पर बोले भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली

कांग्रेस देशहित के खिलाफ फैला रही है भ्रम, फर्जी एआई वीडियो पर बोले भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने चुनाव आयोग के हलफनामे, अरुणाचल प्रदेश से जुड़े फर्जी एआई वीडियो और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों की जांच किए देशहित के विरुद्ध बयानबाजी कर भ्रम फैला रही है। कोहली ने स्पष्ट किया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है और मतदाता सूची को शुद्ध करना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है, जिस पर कांग्रेस और सपा को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने चुनाव आयोग के हलफनामे, अरुणाचल प्रदेश से जुड़े फर्जी एआई वीडियो और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों की जांच किए देशहित के विरुद्ध बयानबाजी कर भ्रम फैला रही है। कोहली ने स्पष्ट किया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है और मतदाता सूची को शुद्ध करना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है, जिस पर कांग्रेस और सपा को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, "जो बातें सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग के हलफनामे को लेकर कही गई, उस पर बहस होनी है और सुप्रीम कोर्ट अब उसमें क्या निर्णय लेगा, इसकी हम प्रतीक्षा करते हैं।"

अरुणाचल प्रदेश और चीन वाले फेक एआई वीडियो पर कांग्रेस की टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता कई बार देशहित के विरुद्ध भी बिना पूरी जानकारी लिए असत्य बातों को ट्वीट कर देते हैं, जिससे भ्रम फैलता है। यह कहना कि भारत और चीन के बीच जो कुछ हो रहा है, उसका यह वीडियो प्रमाण है, पूरी तरह गलत है। यह वीडियो एआई जनरेटेड है और सत्य से परे है। बिना किसी सूझबूझ के तुरंत प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व सियासी गलियारे की हलचल तेज हो गई है। इस बीच नलिन कोहली ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसा क्यों कह रहे हैं, मैं नहीं जानता। वे एक वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है। 1948 में भी हुआ, 1954 में भी हुआ और 2002 में भी हुआ। यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है कि वह मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट रखे।

उन्होंने कहा कि अब क्या अखिलेश यादव या कांग्रेस पार्टी यह नहीं चाहती कि मतदाता सूची स्वच्छ रहे? जो लोग दिवंगत हो चुके हैं, क्या उनके नाम सूची में बने रहने चाहिए? जिन लोगों के नाम दो जगह दर्ज हैं, क्या उन्हें हटाया नहीं जाना चाहिए? यह अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए। क्या भारतीय नागरिकों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए?

नलिन कोहली ने कहा कि क्या बांग्लादेश से अवैध रूप से आए घुसपैठियों का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए? यह देशहित का विषय है और इन पार्टियों को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी नीति क्या है। क्या वे उन लोगों के साथ खड़े हैं जो गलत तरीके से दस्तावेज बनवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाते हैं या उनके विरोध में हैं? इसका उत्तर जनता को दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों के संगठनों की ओर से लगातार अनुरोध किया जा रहा है कि दीपावली के माहौल के बीच विरोध-प्रदर्शन और रैली से आम जनता और व्यापारी वर्ग को असुविधा होगी। कांग्रेस पार्टी को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि कांग्रेस को लगता है कि उनका नेता विदेश यात्रा से लौटकर इसी दिन उपलब्ध है, तो किसी अन्य तिथि पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता था।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि उन्होंने एक ही तारीख पर कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है तो उसके कारण होने वाली असुविधा का उत्तर उन्हें व्यापारी वर्ग, आम जनता और त्योहार मनाने वाले लोगों को देना होगा।

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यदि देश वापस आ गए हैं, तो वे अपनी बात किसी प्रेस वार्ता में भी रख सकते थे। इसके लिए पोस्ट करना आवश्यक नहीं था। जनता के सामने आकर अपनी बात स्पष्ट रूप से रखनी चाहिए। यही लोकतांत्रिक परंपरा भी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story