कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ अन्याय किया सीएम मोहन यादव
भोपाल, 7 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में हमेशा ही किसानों के साथ अन्याय किया है। दरअसल, कांग्रेस की राज्य इकाई ने किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया है।
उन्होंने कांग्रेस के चक्का जाम पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस के शासनकाल में न तो किसानों को डीजल मिलता था और न ही बिजली मिलती थी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्य प्रदेश का किसान बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान रहता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब किसानों के चेहरे की मुस्कान ही प्रदेश की समृद्धि और विकास की पहचान बन गई है।
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस आरोप लगा रही है कि राज्य में किसानों को उसकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है, वहीं गेहूं खरीदी में भी गड़बड़ी की जा रही है। राज्य में गेहूं का उत्पादन बहुत अधिक हुआ है, मगर समर्थन मूल्य पर खरीदी काफी कम हो रही है। इतना ही नहीं, सरकार ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं का समर्थन मूल्य तय करने का वादा किया था, मगर ऐसा नहीं हुआ है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं और वह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश को पिछड़ेपन और अव्यवस्था की ओर धकेलने का काम किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समग्र विकास सुनिश्चित किया है।
उन्होंने भारत की बढ़ती ताकत का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अपने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की शक्ति, रणनीति और संकल्प का परिचय कराया है। तकनीकी और सामरिक दृष्टि से भारत लगातार सशक्त हुआ है, जिसके कारण पाकिस्तान के हुक्मरान भी भारत की ताकत से भयभीत रहते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 4:59 PM IST












