- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ओयो फ्लैगशिप कृष्णा होटल में पुलिस...
भांडाफोड़: ओयो फ्लैगशिप कृष्णा होटल में पुलिस का छापा, चल रहा था सेक्स रैकेट - ऑनलाइन होती थी बुकिंग

Nagpur News. गणेशपेठ बस स्थानक के पास जाधव चौक स्थित ओयो फ्लैगशिप कृष्णा होटल में पुलिस ने छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस मामले में ऑनलाइन बुकिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद गणेशपेठ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक युवती को मुक्त कराया है, जबकि फरार दलाल की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल में छापा मारा। इससे पहले भी इसी होटल पर देह व्यापार के आरोपों को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ‘राज’ नामक व्यक्ति होटल के कमरे बुक कराकर देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराता था। वह ग्राहकों से ऑनलाइन संपर्क करता और युवतियों की तस्वीरें भेजता था। ग्राहक द्वारा युवती पसंद किए जाने पर होटल का कमरा नंबर साझा किया जाता था। पकड़े जाने के डर से पूरा अवैध कारोबार ऑनलाइन संचालित किया जा रहा था।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने नकली ग्राहक के माध्यम से ऑनलाइन संपर्क किया। सौदा तय होने के बाद तड़के तीन बजे होटल पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान एक युवती संदिग्ध स्थिति में मिली। पुलिस ने मौके से साढ़े तीन हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन समेत कुल 6 हजार 750 रुपये का सामान जब्त किया है।
बरामद मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी राज की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ गणेशपेठ थाने में मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार दोपहर पीड़िता को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे महिला सुधारगृह भेज दिया गया।
Created On :   7 May 2026 5:54 PM IST















