- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के मेडिकल अस्पताल के वार्ड...
Nagpur News: नागपुर के मेडिकल अस्पताल के वार्ड में तृतीयपंथी ने लगाई फांसी

Nagpur News शहर के सरकारी मेडिकल अस्पताल में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल के वार्ड के भीतर एक तृतीयपंथी द्वारा कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई। घटना के बाद पूरे मेडिकल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में भय और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान राधिका मोहन जाधव (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच वार्ड में मौजूद लोगों की नजर राधिका पर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही अजनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक राधिका पिछले कई दिनों से गंभीर शारीरिक पीड़ा और मानसिक तनाव से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में हुए एक भीषण रेलवे हादसे में उसका एक पैर कट गया था। हादसे के बाद से वह लगातार असहनीय दर्द झेल रही थी और लंबे समय से मेडिकल अस्पताल में उपचाराधीन थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राधिका ने वार्ड में मौजूद बैंडेज और पट्टी की सहायता से फंदा बनाया और उसे पलंग से बांधकर आत्महत्या कर ली। सुबह अस्पताल स्टाफ ने जब यह दृश्य देखा तो उनके भी होश उड़ गए।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अजनी पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे केवल शारीरिक पीड़ा और मानसिक अवसाद कारण था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है, इस दिशा में भी जांच जारी है।
Created On :   7 May 2026 3:15 PM IST















