- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के ओयो होटल में चल रहे सेक्स...
Nagpur News: नागपुर के ओयो होटल में चल रहे सेक्स रैकेट पर क्राइम ब्रांच का छापा
Nagpur News शहर में मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत क्राइम ब्रांच की सोशल सिक्योरिटी विंग (एसएसवी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गणेशपेठ इलाके के एक ओयो होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 6 मई की रात से 7 मई की तड़के तक गणेशपेठ थाना क्षेत्र स्थित ओयो फ्लैगशिप कृष्णा होटल, होटल राहुल डीलक्स के पास की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा है। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं को कम समय में अधिक पैसे कमाने और आर्थिक लाभ का लालच देकर उनसे देह व्यापार करा रहे थे। मौके से उत्तर प्रदेश और दिल्ली निवासी दो महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उनकी चिकित्सकीय जांच कराई है।
इस मामले में गणेशपेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी ‘राज’ नामक व्यक्ति तथा संबंधित वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(2)(3), अनैतिक व्यापार प्रतिबंधक अधिनियम 1956 की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66 (सी)(डी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 हजार 730 रुपए का माल भी जब्त किया है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है। क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक राहुल शिरे ने बताया कि नागपुर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में मानव तस्करी और व्यावसायिक लैंगिक शोषण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Created On :   7 May 2026 2:51 PM IST















