- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पूनम चेंबर्स के अवैध निर्माण को...
Nagpur News: पूनम चेंबर्स के अवैध निर्माण को हटाने में एन. कुमार बन रहे बाधा

Nagpur News पूनम टॉवर में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि पूनम चेंबर्स में यह प्रक्रिया अभी जारी है। इस दौरान बिल्डर एन. कुमार द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की जानकारी मनपा ने बॉम्बे हाईकोर्ट नागपुर खंडपीठ में शपथपत्र के माध्यम से दी। मनपा ने यह भी बताया कि बाधाओं के चलते अब पुलिस की मदद से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिल्डर एन. कुमार ने ‘पूनम टॉवर’ और ‘पूनम चेंबर्स’ में अवैध निर्माण हटाने के लिए मनपा द्वारा जारी नोटिस को चुनौती देते हुए दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। इन याचिकाओं पर न्यायमूर्ति उर्मिला जोशी-फालके और न्यायमूर्ति निवेदिता मेहता की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई।
अतिरिक्त समय मांगा था पिछली सुनवाई में मनपा ने पूनम चेंबर्स में अवैध निर्माण हटाने के लिए दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा था। मनपा के अनुसार, पूर्व आदेश के तहत 10 अप्रैल 2026 तक ध्वस्तीकरण पूरा किया जाना था, लेकिन तकनीकी कठिनाइयों के कारण यह संभव नहीं हो सका। इस पर अदालत ने पहले दिए गए तीन महीने के आश्वासन का हवाला देते हुए असमाधान जताया और स्पष्ट किया कि पहले ठोस प्रगति दिखाई जाए, उसके बाद ही समय-विस्तार पर विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़े -सात लेखकों को मिला बिरवा सम्मान 2026, साझा किए अपनी पहली किताब के अनुभव - साहित्यप्रेमियों ने की शिरकत
सुनवाई ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद : अदालत ने मनपा को 16 अप्रैल की स्थिति और उसके बाद दो सप्ताह की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। बुधवार की सुनवाई में बिल्डर एन. कुमार ने भी शपथ-पत्र दायर किया। वहीं मनपा ने अपने शपथ-पत्र में बताया कि अवैध निर्माण हटाने के दौरान हो रही बाधाओं के कारण पुलिस की सहायता से कार्रवाई जारी रखी जा रही है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने मनपा को कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए और अगली सुनवाई ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद निर्धारित की है। मनपा की ओर से एड. जेमिनी कासट ने पक्ष रखा।
Created On :   7 May 2026 1:44 PM IST












