- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बेंगलुरु से उत्तर प्रदेश ले जाई जा...
छापा: बेंगलुरु से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी मांगूर प्रजाति की प्रतिबंधित मछली, 6 टन माल सहित ट्रक जब्त

Nagpur News. वर्धा रोड स्थित कृपलानी चौक पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 टन प्रतिबंधित मांगूर प्रजाति की मछली जब्त की है। यह मछली बेंगलुरु से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। मत्स्य विभाग की शिकायत पर बजाज नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। वाहन सहित लाखों रुपये का माल जब्त किया गया है।
मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बजाज नगर थाना पुलिस की टीम वर्धा रोड पर रहाटे कॉलोनी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें संदिग्ध हालत में ट्रक (केए-67-2967) दिखाई दिया। पूछताछ करने पर चालक ने टालमटोल जवाब दिए, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
यह भी पढ़े -कांग्रेस में जिला अध्यक्ष पद को लेकर सस्पेंस कायम, दिल्ली पर टिकी निगाहें - प्रदेश के नेताओं से लिए सुझाव
इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें 6 टन मांगूर प्रजाति की मछली बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय को सूचना दी गई। विभाग की सहायक प्रोफेसर अश्विनी टेकाम मौके पर पहुंचीं और जांच के दौरान मछली के प्रतिबंधित होने की पुष्टि की।
उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने 6 लाख रुपये मूल्य की मछली, 25 लाख रुपये कीमत का ट्रक तथा 18 हजार रुपये के 4 मोबाइल फोन सहित कुल 31 लाख 18 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
यह भी पढ़े -डीजीसीए ने पावर बैंक को लेकर तय कर रखें हैं कई नियम, हैदराबाद से आए विमान में लैंडिंग के वक्त पावर बैंक के फटने से लगी आग
बताया जा रहा है कि शहर पुलिस के इतिहास में लंबे समय बाद इस तरह की बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेंगलुरु से उत्तर प्रदेश तक प्रतिबंधित मछली की तस्करी की जा रही थी। आशंका है कि इससे पहले भी इस तरह की तस्करी की गई हो सकती है, लेकिन इस बार पुलिस की सतर्कता से मामला उजागर हो गया।
इस मामले में मछली विक्रेता और ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Created On :   6 May 2026 9:00 PM IST












