Nagpur News: अंतरराज्यीय गांजा नेटवर्क का पर्दाफाश , मुंबई व हैदराबाद के 3 तस्कर गिरफ्तार

अंतरराज्यीय गांजा नेटवर्क का पर्दाफाश , मुंबई व हैदराबाद के 3 तस्कर गिरफ्तार
  • मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस
  • आरोपियों से 1.54 लाख का माल जब्त

Nagpur News शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ मुहिम में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की यूनिट-4 की टीम ने ‘ऑपरेशन थंडर 2.0' के तहत सक्करदरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया और मुंबई और हैदराबाद के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 1.54 लाख रुपए का माल जब्त किया।

आशीर्वाद नगर के मकान में दी दबिश _ पुलिस सूत्रों के अनुसार 4 मई की शाम क्राइम ब्रांच की यूनिट 4 को गुप्त सूचना मिली कि, आशीर्वाद नगर स्थित एक मकान में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही दस्ते ने शाम 4 से 6 बजे के बीच मकान पर छापा मारा। वहां मौजूद संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा और अन्य नशीली सामग्री बरामद हुई।

गिरफ्तार और फरार आरोपी : पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को धरदबोचा, जिनकी पहचान मोहम्मद समीर मोहम्मद वजीरउदीन (34), निवासी टोली चौकी, जमालीकुटा गोलकुटा, हैदराबाद, शेख मोहम्मद शेख अब्दुल (34), निवासी डी -411 मदीनातुअमन सहारा हाेटल के पास कुर्ला वेस्ट, मुंबई, मोहम्मद अकबर बाबा मोहम्मद सखर (18), निवासी मौलाअली ईसीआईएल, दमाई गोंडा, हैदराबाद के रूप में हुई है। गिरोह के दो मुख्य सूत्रधार मोहम्मद जहांगीर बाबा अब्दुल कादर, असलानसर सैयद नगर, हैदराबाद, तेलंगाना आैर अज्जू, निवासी किसन नगर जीरा, हैदराबाद फिलहाल फरार हैं। पुलिस का मानना है कि, इनकी गिरफ्तारी से तस्करी के एक बहुत बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। आरोपियों से पुलिस ने कुल 1,54,025 रुपए का माल बरामद किया है, जिसमें गांजा 4.365 किलोग्राम (कीमत लगभग 1.09 लाख रुपये, नकदी 4,000 रुपए, 4 स्मार्ट फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और दो चिलम का समावेश है।

नागपुर बना ट्रांजिट हब, बदली तस्करी की दिशा : जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अब तक तेलंगाना से नागपुर गांजा आता था, लेकिन इस मामले से संकेत मिले हैं कि, अब नागपुर से भी अन्य राज्यों में माल सप्लाई किया जा रहा है। गिरोह नागपुर को एक ‘ट्रांजिट पॉइंट' के रूप में इस्तेमाल कर रहा था, जहां से छोटे सप्लायर्स के जरिए युवाओं तक नशा पहुंचाया जाता था। अधिकारियों का कहना है कि, शहर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ‘ऑपरेशन थंडर 2.0' के तहत यह कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सक्करदरा पुलिस के हवाले कर दिया है। शहर में बढ़ती तस्करी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, विशेषकर मध्य प्रदेश और तेलंगाना सीमा से जुड़े रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।


Created On :   6 May 2026 1:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story