- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महिला हवलदार के सिर पर बोरी से किया...
महिला हवलदार के सिर पर बोरी से किया हमला, दोपहिया वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज

Nagpur News. चालान कार्रवाई के विरोध में एक दोपहिया वाहन चालक ने हंगामा खड़ा कर दिया। उसने गाली-गलौज करते हुए यातायात विभाग की महिला हवलदार के सिर पर बोरी से हमला कर दिया। इस घटना के बाद अजनी थाने में आरोपी चालक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, घटना को लेकर कुछ संदेह भी व्यक्त किए जा रहे हैं।
अजनी यातायात विभाग की हवलदार मालती आत्माराम पाल (56 वर्ष) शताब्दी चौक पर अपने सहयोगी कर्मचारियों के साथ यातायात नियंत्रित कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने दोपहिया वाहन चालक इन्जमामुल कलिम खान (33 वर्ष, निवासी सुंदर नगर, खरबी) को रोका।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई शुरू की गई। इससे नाराज होकर आरोपी ने महिला हवलदार से गाली-गलौज की, उन्हें धमकी दी और तैश में आकर उनके सिर पर बोरी से हमला कर दिया। घटना के दौरान आरोपी ने उनके सहयोगी कर्मचारी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
इस मामले में अजनी थाने में आरोपी इन्जमामुल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
Created On :   6 May 2026 5:48 PM IST













