- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 2...
Nagpur News: नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 2 लाख 56 हजार का गांजा पकड़ा

Nagpur News रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागपुर मंडल, मध्य रेलवे द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के अंतर्गत अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयां की गईं, जिनमें मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामदगी तथा मोबाइल चोरी के गिरोह का खुलासा शामिल है। ये दोनों सफलताएं रेल सुरक्षा बल, नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार के मार्गदर्शन में हासिल की गई हैं।
पहली कार्रवाई में नागपुर रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8 (मुंबई छोर) स्थित फुट ओवर ब्रिज पर आरपीएफ की निगरानी टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति काले-नीले ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ दिखाई दिया। पूछताछ करते ही व्यक्ति बैग छोड़कर फरार हो गया। तुरंत डॉग स्क्वाड को बुलाया गया, जिसने ट्रॉली बैग में मादक पदार्थ होने का संकेत दिया। बैग की जांच में खाकी टेप से लिपटे 12 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा पाया गया। कुल 12.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2,56,000/- बताई गई है। सम्पूर्ण कार्यवाही राजपत्रित अधिकारी, पंचों की उपस्थिति में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के साथ की गई। जब्त मादक पदार्थ को आगे की कार्यवाही हेतु जीआरपी नागपुर को सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी की मदद से एलआईसी चौक पर पकड़े मोबाइल चोर : इसी अभियान में एक दूसरी कार्रवाई में ट्रेन संख्या 13425 में एक यात्री के मोबाइल चोरी की सूचना मिली। आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और एलआईसी चौक क्षेत्र में घेराबंदी कर दो महिलाओं समेत चार संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी स्वीकार की। उनके पास से एक मोबाइल (₹38,000/-) और एक मोबाइल (₹15,000/-) बरामद किए गए। कुल 53,000/- मूल्य की संपत्ति वापस प्राप्त हुई। इस प्रकरण में जीआरपी नागपुर ने अपराध का मामला दर्ज की। दो आरोपियों को मामले में शामिल किया गया, जबकि दो अन्य के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 109 के तहत कार्यवाही की गई।
Created On :   6 May 2026 3:01 PM IST















