- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- इंजीनियरिंग स्नातक छात्र भी अब कर...
Nagpur News: इंजीनियरिंग स्नातक छात्र भी अब कर सकेंगे एमएससी

Nagpur News राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 से एक अभिनव पहल शुरू की है। नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप, विश्वविद्यालय ने अब इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए बहुविषयक (इंटरडिसिप्लिनरी) शिक्षा के द्वार खोल दिए हैं। इस नई शैक्षणिक पहल के तहत बी.ई. और बी.टेक. स्नातक छात्र अब सीधे भौतिक विज्ञान, गणित, सांख्यिकी और अर्थशास्त्र विषयों के एमएससी पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।
इसलिए लिया गया यह निर्णय
आज के तेजी से बदलते तकनीकी युग में पारंपरिक विषयों के बीच की दूरियां खत्म हो रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में काम करने के लिए केवल तकनीकी कौशल ही काफी नहीं है, बल्कि बुनियादी वैज्ञानिक सिद्धांतों और गणितीय समझ का होना भी अनिवार्य है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इंजीनियरिंग स्नातकों के पास व्यावहारिक ज्ञान का मजबूत आधार होता है, और यदि उन्हें बुनियादी विज्ञान की गहराई मिल जाए, तो वे बेहतरीन शोधकर्ता और विचारक बन सकते हैं।
करियर के खुलेंगे नए आयाम
यह पहल छात्रों को केवल -"तकनीक का उपयोग करने वाला' न बनाकर -"नवाचार करने वाला' बनाने पर केंद्रित है। इसके मुख्य लाभ इस प्रकार होंगे : इंजीनियरिंग और बुनियादी विज्ञान के बीच की दूरी कम होगी, जटिल समस्याओं के समाधान के लिए विश्लेषणात्मक क्षमता बढ़ेगी, छात्र वैश्विक स्तर पर शोध और विकास के क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकेंगे। कुल मिलाकर उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बुनियादी विज्ञान का आधार छात्रों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।
नई शिक्षा नीति-2020 का प्रभाव
यह उपक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दूरदर्शी लक्ष्यों के साथ पूरी तरह मेल खाता है, जो शैक्षणिक लचीलेपन और बहुविषयक शिक्षा पर जोर देती है। यह इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए एक ऐसा परिवर्तनकारी मार्ग प्रशस्त करेगा, जहां वे अपनी रुचि के अनुसार करियर को नई दिशा दे सकेंगे। विश्वविद्यालय के इस कदम को शिक्षा जगत में एक प्रगतिशील कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए -"बहुआयामी पेशेवर' तैयार होंगे।
Created On :   6 May 2026 1:16 PM IST















