- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कर्जमाफी का जीआर जारी नहीं होने से...
Nagpur News: कर्जमाफी का जीआर जारी नहीं होने से किसानों में संभ्रम: बच्चू कडू

Nagpur News राज्य सरकार ने कर्जमाफी की घोषणा की है, लेकिन इस संदर्भ में जीआर अब तक नहीं निकलने से किसानों में संभ्रम बना हुआ है। किसानों को लग रहा है कि, जीआर नहीं निकलने से प्रत्यक्ष में कर्जमाफी नहीं हुई है। यह बयान शिवसेना की ओर से विधान परिषद के उम्मीदवार बच्चू कड़ू ने दिया। वे मंगलवार को नागपुर में आयोजित पत्रकार परिषद में बोल रहे थे।
घोषणा से सरकार पीछे नहीं हट सकती : बच्चू कड़ू ने विश्वास व्यक्त किया कि, विधानसभा में कर्जमाफी की घोषणा होने से सरकार अब उससे पीछे नहीं हट सकती है। बकाया कर्ज के कारण किसानों को नया कर्ज मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि, सरकार आगामी 10 से 15 दिन में जीआर निकाले। कर्जमाफी योजना अंतर्गत घोषित किए गए 50 हजार रुपए के प्रोत्साहन निधि अपर्याप्त बताते हुए उसे बढ़ाने की भी जरूरत बतायी।
उन्होंने कहा कि, किसी किसान के पास डेढ़ लाख रुपए का कर्ज होगा और वह एक लाख रुपए तक कर्ज का भुगतान करता है, तो उसे ज्यादा प्रोत्साहन निधि दी जानी चाहिए। इस संदर्भ में मैंने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से भी चर्चा की है। कड़ू ने आवाहन किया कि, कर्जमाफी का प्रस्ताव जल्द मंत्रिमंडल के सामने आएगा। सरकार इस विषय को उदारता के साथ देखें। उन्होंने कहा कि, सभी को कर्जमाफी देने की आवश्यकता नहीं, लेकिन जिन्हें सही में जरूरत है, ऐसे किसानों को प्राथमिकता मिले। दो लाख रुपए तक कर्जमाफी दी जाए। उन्होंने कहा कि, किसी के पास 4 लाख का कर्ज होने पर कम से कम दो लाख माफ किया जाए।
खेती के काम रोजगार गारंटी में शामिल करें : बच्चू कड़ू ने कहा कि, समर्थन मूल्य की समस्या हल करने के लिए बुआई से लेकर कटाई तक सभी काम रोजगार गारंटी योजना में समाविष्ट करने की जरूरत है। दिव्यांगों के विविध प्रश्नों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए जिला व तहसील स्तर पर दिव्यांग अधिकारियों की नियुक्ति की तत्काल करने की मांग भी की।
प्रशासन में मानवता खत्म : छत्रपति संभाजीनगर की दिव्यांग महिला के प्रकरण में कुछ अधिकारियों में अमानवीय बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए बच्चू कड़ू ने तीव्र निषेध व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, प्रशासन में मानवता खत्म होने का यह उदाहरण है। संबंधित महिला के निवास की तत्काल योग्य व्यवस्था करने की मांग भी की।
Created On :   6 May 2026 1:54 PM IST















