कांग्रेस नेताओं का पंजाब सरकार पर आरोप; मंत्री से सवाल पूछा तो पुलिस घर पहुंची, परेशान होकर की आत्महत्या

कांग्रेस नेताओं का पंजाब सरकार पर आरोप; मंत्री से सवाल पूछा तो पुलिस घर पहुंची, परेशान होकर की आत्महत्या
पंजाब के संगरूर में आत्महत्या के मामले को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री से अपने जिले के मंत्री को लेकर सवाल पूछे जाने के बाद उस पर दबाव बनाया गया। मंत्री के लोगों ने उसे डांटा और पुलिस उसके घर पहुंची। सरपंच या चेयरमैन की ओर से भी उसे परेशान किया गया, जिसके बाद मानसिक दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के संगरूर में आत्महत्या के मामले को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री से अपने जिले के मंत्री को लेकर सवाल पूछे जाने के बाद उस पर दबाव बनाया गया। मंत्री के लोगों ने उसे डांटा और पुलिस उसके घर पहुंची। सरपंच या चेयरमैन की ओर से भी उसे परेशान किया गया, जिसके बाद मानसिक दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।

कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि संगरूर जिले में मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल चीमा जैसे वरिष्ठ नेता हैं। जब जिले में घर-घर ड्रग्स की बिक्री और नशे की समस्या की शिकायतें सामने आ रही हैं तो इसका जवाब कौन देगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी स्वाभाविक रूप से जान गंवाने वाले व्यक्ति के प्रति सहानुभूति रखते हैं और उनका सवाल केवल इतना है कि सरकार को ड्रग्स पर नियंत्रण करना चाहिए।

चंडीगढ़ में कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पार्टी संगरूर मामले को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार के लिए न्याय चाहती है और मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सामने आकर बताना चाहिए कि घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। जो ड्रग्स पहले कुछ इलाकों तक सीमित थे, वे अब पूरे पंजाब में घरों तक पहुंच रहे हैं।

वहीं, पटना में कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने ‘वंदे मातरम’ विवाद पर भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा वंदे मातरम गाती रही है और वह आजादी की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने भाजपा पर स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब वही लोग कांग्रेस को प्रमाणपत्र दे रहे हैं।

दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इसका फैसला पहले ही हो चुका था और राज्यसभा में रहते हुए उन्होंने उज्जैन से अयोध्या तक यात्रा करने का निर्णय लिया था।

गुलजार सिंह की मौत के मामले में भी अखिलेश प्रसाद सिंह ने सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को मंत्री से सवाल पूछने का अधिकार है और सवाल उठाने के कारण किसी व्यक्ति पर इतना दबाव नहीं डाला जाना चाहिए कि वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ड्रग्स के मुद्दे पर सही सवाल उठा रहे हैं और पंजाब सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 3:47 PM IST

Tags

Next Story