क्रॉस वोटिंग विवाद पर राजेश राम बोले, विधायकों से संपर्क की हर कोशिश की थी
पटना, 17 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर एनडीए ने क्लीन स्वीप किया। महागठबंधन राज्य में एक सीट जीतने का दावा कर रहा था, उस सीट पर भी उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। महागठबंधन को मिली हार के बाद कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश अध्यक्ष पर ही आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्यसभा प्रत्याशियों को लेकर नाराजगी और खुद पर लग रहे आरोपों को लेकर कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि मैं पार्टी का सबसे वफादार व्यक्ति हूं। पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन प्रतिष्ठा बहुत मुश्किल से मिलती है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि जिन लोगों ने मेरे ऊपर आरोप लगाए हैं, मैं केवल इतना कहूंगा कि मैं लगातार उन विधायकों से संपर्क में रहा। मैंने कई बार उन्हें फोन किया। मैं उनके घर तक गया, वहां बैठकर अनुरोध किया, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद भी मैं लगातार फोन करता रहा, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। मैंने मैसेज भी किया कि पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल है, एक बार बात कर लीजिए। उन्होंने कॉल नहीं उठाई और आज इस तरह का आरोप लगा दिया।
हम कांग्रेस पार्टी के वफादार सिपाही हैं, जमीन पर भी रहे हैं और आज पार्टी के महत्वपूर्ण पद पर हैं। इस पद पर रहते हुए मैं पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं कर सकता। पहले प्रकरण में तो अशोक चौधरी ने हमें एमएलसी और मंत्री बनाने का प्रलोभन दिया। फ्लैट ऑफर किया। हम उस समय लात मारकर भाग गए। भाजपा के द्वारा मुझे घेरने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वोट देना आपका अधिकार है। पार्टी का निर्देश है कि हम इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन करें और उनके पक्ष में बात करें। आप वोटर हैं। पार्टी की प्रतिष्ठा बढ़ाने में आपकी भूमिका होगी। आप सभी चीज में खुद निर्णय लेते हो और अब हम पर दोष मढ़ रहे हो। आपको मैं 14 तारीख की रात से कॉल कर रहा था, यदि यही बात थी तो बता देते। आप फोन क्यों नहीं उठा रहे थे।
राजेश राम ने कहा कि देखिए, यह फैसला हमारे केंद्रीय नेतृत्व और आरजेडी के बीच होता है। हम फॉलोअर्स हैं। उस फैसले को मानना और उसे लागू कराना हमारी जिम्मेदारी है। यह अलग बात है कि हमारे तीन विधायक नहीं आए, तो यह सेटबैक आया है। इस जिम्मेदारी से कोई मुंह नहीं चुरा सकता।
उन्होंने कहा कि पार्टी विधायकों पर तो एक्शन लेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। यह भी समझने वाली बात है कि जो लोग साथ रहे हैं, उनकी अंतरात्मा क्या कहती है। इस दुनिया में ऐसा भी होता है, यह सोचकर कर मैं आश्चर्यचकित हूं कि अपनी गलती को छुपाने के लिए किसी व्यक्ति पर आरोप लगाना बेहद दुखद है। इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत की जाएगी और सभी तथ्यों को सामने रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 4:27 PM IST












