सीएसआईआर में एएसओ के 100 पदों पर भर्ती शुरू, सीएसआईआर अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने सहायक अनुभाग अधिकारी (असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर) के कुल सौ पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती खास तौर पर उन उम्मीदवारों के लिए है, जो 2024 में संघ लोग सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन उनका चयन नहीं हो सका था।
सीएसआईआर की ओर से एएसओ पोस्ट के लिए जारी 100 रिक्तियों में सहायक अनुभाग अधिकारी (सामान्य) के 61, सहायक अनुभाग अधिकारी (वित्त और लेखा) के 18 और सहायक अनुभाग अधिकारी (भंडार और खरीद) के 21 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 जून की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एएसओ के पोस्ट के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीएसआईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदकों की अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, सीएसआईआर सीएसई-2024 में प्राप्त कुल अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट, कंप्यूटर दक्षता परीक्षा (सीपीटी), मुख्य परीक्षा, व्यक्तित्व परीक्षण, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, अंतिम मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनरिजर्व्ड (यूआई), ओबीसी (एनसीएल) और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिला/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व-सैनिकों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 11:57 PM IST












