भूकंप की मार झेल रहे वेनेजुएला को आईएमएफ का भरोसा, जरूरत पड़ने पर करेगा सहायता

भूकंप की मार झेल रहे वेनेजुएला को आईएमएफ का भरोसा, जरूरत पड़ने पर करेगा सहायता
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने गुरुवार को वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति दुख और संवेदना जताई। आईएमएफ ने कहा कि वह वेनेजुएला की सरकार के साथ मिलकर इस आपदा से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रहा है।

वाशिंगटन, 25 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने गुरुवार को वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति दुख और संवेदना जताई। आईएमएफ ने कहा कि वह वेनेजुएला की सरकार के साथ मिलकर इस आपदा से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रहा है।

आईएमएफ की कम्युनिकेशंस डिपार्टमेंट की निदेशक जूली कोजैक ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अभी यह बताना जल्दबाजी होगी कि आईएमएफ कितनी सहायता देगा, क्योंकि अधिकारी अभी नुकसान और जरूरतों का आकलन कर रहे हैं।

कोजैक ने कहा क‍ि वेनेजुएला में भूकंप के असर से हमें बहुत दुख है। हम प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं वेनेजुएला के लोगों के साथ हैं। भूकंप के बाद आईएमएफ लगातार वेनेजुएला के अधिकारियों के संपर्क में है।

कोजैक ने कहा, “हम वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं और आगे भी जुड़े रहेंगे, ताकि वे देश पर पड़े आर्थिक असर और सुधार के लिए जरूरी कदमों का आकलन कर सकें।”

आईएमएफ की ओर से तुरंत आपातकालीन मदद जारी करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर बातचीत अभी शुरुआती चरण में है। उन्होंने कहा, “अब तक आईएमएफ वेनेजुएला की ओर से घोषित कर्ज पुनर्गठन प्रक्रिया में शामिल नहीं हुआ है।”

उन्होंने यह भी कहा कि आईएमएफ वेनेजुएला की सरकार के साथ देश की आर्थिक स्थिति और भविष्य की संभावनाओं को लेकर नियमित संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए तैयार है।

कोजैक ने समझाया कि आमतौर पर कर्ज पुनर्गठन आईएमएफ के सहयोग वाले किसी कार्यक्रम के तहत होता है, लेकिन ऐसा हर बार जरूरी नहीं होता।

उन्होंने कहा, “आईएमएफ कभी भी सरकार और कर्जदाताओं के बीच होने वाली बातचीत या समझौते का हिस्सा नहीं होता।”

उन्होंने बताया कि आम तौर पर आईएमएफ सरकार और कर्जदाताओं के बीच समझौते को बेहतर बनाने के लिए आर्थिक स्थिति का आकलन और कर्ज चुकाने की क्षमता से जुड़ा विश्लेषण उपलब्ध कराता है, ताकि यह देखा जा सके कि समझौते से लंबे समय तक देश की आर्थिक स्थिति संभल सकती है या नहीं।

कोजैक ने कहा कि वेनेजुएला का मामला थोड़ा अलग है, लेकिन आईएमएफ जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला के अधिकारियों की मदद के लिए तैयार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Jun 2026 12:17 AM IST

Tags

Next Story