'सीएसके के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत था, डीसी से लगातार हो रही गलतियां चिंताजनक' आरोन फिंच
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में मंगलवार की शाम दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने पटेल के इस फैसले की आलोचना की है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर बात करते हुए आरोन फिंच ने अक्षर पटेल के पहले बल्लेबाजी के फैसले को हैरान करने वाला और निराशजनक बताया। उन्होंने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं बनता, खासकर जब डेटा और एनालिटिक्स के जमाने में टीमों के पास इतनी सारी जानकारी मौजूद हो।
फिंच ने कहा कि यह जानकारी होते हुए भी कि वे पहले बल्लेबाजी करके नहीं जीते हैं, पहले बल्लेबाजी का फैसला लेना पटेल की बड़ी गलती थी। इसका कोई मतलब नहीं था। टीम ने सीजन में इस तरह की कई तकनीकी गलतियां की हैं और इसी वजह से कभी शीर्ष-4 में रहने के बाद फिलहाल सातवें स्थान पर है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, "देखिए, मैं मैदान पर किए गए गलत फैसलों को समझ सकता हूं। फैसलों को खराब तरीके से कार्यान्वित किए जाने को भी समझ सकता हूं—जीतना और हारना सब खेल का हिस्सा हैं। लेकिन जब आप बार-बार गलत फैसले ले रहे हों, तो यह चिंता की बात है।"
डीसी पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने के बाद 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बना सकी। चेन्नई सुपर किंग्स ने 17.3 ओवर में 2 विकेट पर 159 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया।
सीजन की शुरुआत लगातार 2 जीत के साथ करने वाली दिल्ली की 10वें मैच में यह छठी हार थी। टीम अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए डीसी को बाकी के सभी मैच बड़े अंतर से जीतने होगे।
दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 8 मई को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 2:47 PM IST












