दक्षिण-पूर्व ईरान में अमेरिकी हमले में 7 सैनिकों की मौत; सेना बोली, 'सही समय पर देंगे जवाब'

तेहरान, 15 जुलाई (आईएएनएस)। ईरानी सेना ने कहा है कि दक्षिण-पूर्व ईरान के बमपूर गैरिसन (सैन्य ठिकाने) पर हुए अमेरिकी हमले का जवाब दिया जाएगा। सेना ने इस हमले को "कायरना" करार देते हुए कहा कि इसका निर्णायक जवाब उचित समय पर दिया जाएगा।
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, सेना के बयान में कहा गया कि अमेरिका ने ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत के इरानशहर इलाके में स्थित बमपूर बैरक पर 13 मिसाइलें दागीं। इस हमले में 388वीं ब्रिगेड के सात सैन्यकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
ईरानी सेना ने बताया कि सैन्य अड्डे पर मौजूद "सुरक्षा उपायों" के कारण हताहतों की संख्या को सीमित किया जा सका। सेना के अनुसार, अमेरिकी हमलों का उद्देश्य अधिकतम नुकसान पहुंचाना था, और इसके लिए सैन्य अड्डे के गेस्टहाउस, सुरक्षा चौकियों और आवासीय फैसिलिटी को निशाना बनाया गया।
सेना ने कहा कि यह हमला केवल सैन्य ठिकाने को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को हताहत करना था।
इस बीच, ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पिछले कुछ दिनों में दक्षिणी ईरान पर हुए अमेरिकी हमलों में 30 से अधिक आम नागरिकों की मौत हुई। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसैन केरमनपौर ने बताया कि ताजा हमलों में 260 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
सोशल मीडिया मंच एक्स पोस्ट में मोहाजेरानी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और मारे गए लोगों की स्मृति का सम्मान करते हैं।"
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी ताकत के साथ जनता के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने दक्षिणी ईरान को देश का "धड़कता हुआ दिल" बताया।
वहीं, बुशहर प्रांत के गवर्नर मोहम्मद मोजफ्फरी ने कहा कि अमेरिका ने पश्चिमी तटीय शहर में तीन स्थानों को निशाना बनाया। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, गवर्नर ने बताया कि मंगलवार सुबह शहर में गिरे अमेरिकी प्रोजेक्टाइल (हथियार/मिसाइल) से कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी बलों ने पश्चिमी बंदरगाह शहर में कुल चार स्थानों पर हमला किया।
गवर्नर ने कहा, "बचाव एजेंसियां अभी सतर्क हैं और शहर में स्थिति सामान्य बनी हुई है।" उन्होंने बताया कि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। बुशहर ईरान का एक रणनीतिक तटीय क्षेत्र है, जहां महत्वपूर्ण औद्योगिक और ऊर्जा प्रतिष्ठान स्थित हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 2:42 PM IST












