दलजीत सिंह मामले में हरसिमरत कौर बादल का पंजाब सरकार पर निशाना, पुलिस पर परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप

दलजीत सिंह मामले में हरसिमरत कौर बादल का पंजाब सरकार पर निशाना, पुलिस पर परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप
शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मानसा जिले के भम्मे कलां गांव पहुंचकर दलजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की और पंजाब पुलिस तथा आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दलजीत सिंह का परिवार इतना भयभीत है कि उसे अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मानसा जिले के भम्मे कलां गांव पहुंचकर दलजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की और पंजाब पुलिस तथा आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दलजीत सिंह का परिवार इतना भयभीत है कि उसे अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि दलजीत सिंह की पत्नी परमजीत कौर ने उन्हें बताया कि पुलिस उन पर एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रही है।

बादल के अनुसार, परमजीत कौर ने दावा किया कि जब उन्होंने इस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया तो पुलिस बार-बार उन्हें और उनके 14 वर्षीय बच्चे को थाने बुलाकर परेशान करने लगी।

हरसिमरत कौर बादल ने मामले को लेकर पांच बिंदुओं में अपनी बात रखते हुए कहा कि मानसा और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। दलजीत सिंह के शव को पुलिस ने दिनदहाड़े अपने कब्जे में लिया। उनकी पत्नी पर पुलिस कथित तौर पर बयान बदलने का दबाव बना रही है। परिवार के सदस्यों को प्रताड़ित किया जा रहा है। गांव से हिरासत में लिए गए 20 से अधिक लोगों के बारे में जानकारी नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दलजीत सिंह के पिता, मां, बहन, पत्नी और बच्चों को भी परेशान कर रही है।

एक अन्य पोस्ट में हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि भम्मे कलां गांव में दलजीत सिंह के घर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि परिवार भारी दबाव और भय के माहौल में जी रहा है।

उन्होंने दावा किया कि परिवार को अपना घर छोड़कर धरना स्थल पर शरण लेनी पड़ी है। बादल ने दलजीत सिंह की बहन अमरजीत कौर का हवाला देते हुए कहा कि परिवार ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने पहले मामले को शांत करने की कोशिश की और कथित तौर पर नौकरी तथा आर्थिक सहायता की पेशकश भी की, जिसे परिवार ने ठुकरा दिया।

हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा करना है, उन्हें डराना नहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले राज्य में नशा तस्करों को संरक्षण मिला, फिर दलजीत सिंह की मौत के मामले को लेकर भ्रम पैदा किया गया। बादल ने कहा कि परिवार का दावा है कि दलजीत सिंह की मौत ड्रग ओवरडोज से हुई थी, जबकि प्रशासन इसे हत्या का मामला बताने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दलजीत सिंह के पिता लापता हैं और परिवार की महिला सदस्य लगातार पुलिस दबाव का सामना कर रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story