दार्जिलिंग में दिखी भारत-अमेरिका दोस्ती की गर्मजोशी, यूएस राजदूत सर्जियो गोर ने हर्ष श्रृंगला के घर का किया दौरा

दार्जिलिंग में दिखी भारत-अमेरिका दोस्ती की गर्मजोशी, यूएस राजदूत सर्जियो गोर ने हर्ष श्रृंगला के घर का किया दौरा
भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर इन दिनों दार्जिलिंग दौरे पर हैं, जहां उनकी मेजबानी राज्यसभा सांसद और पूर्व विदेश सचिव हर्ष वी. श्रृंगला ने की। दोनों नेताओं की मुलाकात पहाड़ों के बीच भारत-अमेरिका दोस्ती का एक खूबसूरत उदाहरण बन गई।

दार्जिलिंग, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर इन दिनों दार्जिलिंग दौरे पर हैं, जहां उनकी मेजबानी राज्यसभा सांसद और पूर्व विदेश सचिव हर्ष वी. श्रृंगला ने की। दोनों नेताओं की मुलाकात पहाड़ों के बीच भारत-अमेरिका दोस्ती का एक खूबसूरत उदाहरण बन गई।

राज्यसभा सांसद हर्ष वी. श्रृंगला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुलाकात की तस्वीरें और अनुभव साझा करते हुए लिखा, "भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का दार्जिलिंग और दार्जिलिंग मॉल के सामने स्थित मेरे घर 'इवानहो' में स्वागत करना मेरे लिए बहुत खुशी और व्यक्तिगत सम्मान की बात थी। दार्जिलिंग के अपने मशहूर मोमोज और कैसलटन फर्स्ट फ्लश चाय के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत करना एक खास अनुभव था।"

उन्होंने आगे लिखा कि यह दौरा कई यादगार पलों से भरा रहा। मॉल में टहलने, दार्जिलिंग के होनहार युवाओं के साथ दिलचस्प बातचीत से लेकर मशहूर दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की यादगार सवारी तक, हर पल खास रहा। श्रृंगला ने कहा, "राजदूत गोर के साथ दार्जिलिंग की गर्मजोशी, विरासत और भावना को साझा करना और इन पहाड़ियों के बीच भारत-अमेरिका की दोस्ती को जीवंत होते देखना बहुत अच्छा लगा।"

वहीं, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस दौरे को लेकर 'एक्स' पर तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा, "जब मैं पहली बार भारत आया तो मेरा गर्मजोशी से स्वागत करने वाले शुरुआती लोगों में से एक हर्ष वी. श्रृंगला थे। उन्होंने मुझे दार्जिलिंग में अपने घर और चुनाव क्षेत्र में आने का न्योता भी दिया था। आज मुझे देश के सबसे खूबसूरत इलाकों में से एक में उनके साथ दिन बिताने का मौका मिला।"

अमेरिकी राजदूत ने दार्जिलिंग की तारीफ करते हुए कहा, "अगर आप कभी वहां नहीं गए हैं तो इसे अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। वहां के लोग मिलनसार हैं, इतिहास शानदार है, नजारे अद्भुत हैं, और खाना तो ऐसा है जिसे आप कभी भूल नहीं पाएंगे। मैं वादा करता हूं कि मैं वहां जरूर वापस आऊंगा।"

बता दें कि सर्जियो गोर को हाल ही में भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत पहुंचने के बाद से वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और भारत की संस्कृति, विरासत और लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। दार्जिलिंग का यह दौरा भी उसी कड़ी का हिस्सा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 11:35 PM IST

Tags

Next Story